गाजियाबाद में धर्म छिपाकर लॉ की छात्रा से दोस्ती, रेप के बाद ब्लैकमेल; रिहान की शर्मनाक करतूत

May 01, 2025 07:27 am ISTSneha Baluni हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
share

गाजियााद के मसूरी थानाक्षेत्र में धर्म छिपाकर दोस्ती के बाद लॉ की छात्रा से दुष्कर्म और अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने उस पर धर्मांतरण का दबाव डाला।

गाजियाबाद में धर्म छिपाकर लॉ की छात्रा से दोस्ती, रेप के बाद ब्लैकमेल; रिहान की शर्मनाक करतूत

गाजियााद के मसूरी थानाक्षेत्र में धर्म छिपाकर दोस्ती के बाद लॉ की छात्रा से दुष्कर्म और अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने उस पर धर्मांतरण का दबाव डाला और साढ़े चार लाख रुपये न देने पर अश्लील वीडियो वायरल कर दिया। दिल्ली के यमुना विहार इलाके में रहने वाली युवती का कहना है कि वर्ष 2019 में वह डासना स्थित एक कॉलेज से लॉ की पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात रिहान से हुई।

रिहान ने खुद के बारे में उसे कुछ नहीं बताया और प्यार का नाटक दिया। 14 फरवरी 2020 को रिहान ने उसे शादी का भरोसा दिया। दो दिन बाद रिहान ने फोन कर एक्सीडेंट होने की बात बताई तो वह हड़बड़ा गई। युवती के मुताबिक रिहान ने दुर्घटना की जो जगह बताई थी, वह उसके कॉलेज से महज 20 मिनट की दूरी पर थी। इसके चलते वह मौके पर पहुंच गई। आरोप है कि मौके पर जाकर देखा कि रिहान बिल्कुल ठीक था। उसने रिहान से एक्सीडेंट की झूठी सूचना देकर बुलाने का कारण पूछा तो वह भरोसा रखने और सरप्राइज देने की बात करने लगा।

पीड़िता के मुताबिक रिहान ने सरप्राइज गिफ्ट के बहाने उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी और जब उसकी आंख से पट्टी हटाई तो उसने खुद को होटल के कमरे में पाया। युवती का कहना है कि होटल में रिहान ने उसे नशीली कोल्ड ड्रिंक पिला दी, जिससे वह बेहोश हो गई। आरोप है कि इसके बाद रिहान ने न सिर्फ उसके साथ दुष्कर्म किया, बल्कि उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। विरोध जताने पर आरोपी ने उसका वीडियो वायरल करने की धमकी दी।

रुपये न देने पर वीडियो वायरल किया

पीड़ित युवती का कहना है कि रिहान ने करीब पांच साल तक उसका शारीरिक शोषण किया। इसके बाद वह उससे साढ़े चार लाख रुपये की मांग करने लगा। रुपये न देने पर वह वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी देने लगा। पीड़िता का कहना है कि उसके पास रुपये नहीं थे, जिसके चलते आरोपी की मांग पूरी नहीं हो सकी और उसने उसका अश्लील वीडिया वायरल कर दिया। इसके बाद उसने 17 मार्च 2025 को रिहान के खिलाफ दिल्ली के ज्योतिनगर थाने में केस दर्ज कराया। एसीपी मसूरी लिपि नगायच का कहना है कि दिल्ली पुलिस ने केस गाजियाबाद ट्रांसफर कर दिया। आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।

Sneha Baluni

लेखक के बारे में

Sneha Baluni
पत्रकारिता का करीब एक दशक का अनुभव। दिल्ली यूनिवर्सिटी, भारतीय जनसंचार संस्थान और गुरु जम्बेश्वर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई। दिल्ली-एनसीआर से जुड़ी खबरों पर विशेष नजर। समय मिलने पर बैंडमिंटन खेलना, प्रकृति की सैर पसंद है। लाइव हिन्दुस्तान से पहले लाइव इंडिया, जनसत्ता, अमर उजाला में अलग-अलग भूमिकाओं में काम करने का मौका मिला। एनजीओ में भी काम का अनुभव। स्नेहा मूलरूप से उत्तराखंड के कोटद्वार जिले की रहने वाली हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।