
NCR में रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर की बैसाखी से पीट पीटकर हत्या, फैक्ट्री में मिली लाश; क्या वजह?
NCR Crime News: मामला हरियाणा के सोनीपत जिले का है। यहां के राजपुर में दिल्ली पुलिस से रिटायर हो चुके सब इंस्पेक्टर दलबीर की बैसाखी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
NCR Crime News: नए साल के पहले दिन दिल्ली-NCR में रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मामला हरियाणा के सोनीपत जिले का है। यहां के राजपुर में दिल्ली पुलिस से रिटायर हो चुके सब इंस्पेक्टर दलबीर की बैसाखी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक के बेटे ने गांव के एक व्यक्ति पर हत्या का शक जताया है।
फैक्ट्री के अंदर लाश मिलने से मची सनसनी
मिली जानकारी के मुताबिक, दलबीर अपाहिज थे। उन्होंने बीते 4 महीने पहले ही रिटायरमेंट लिया था। सेवानिवृत होने के बाद वह अपने गांव राजपुर चले आए थे और यहीं रहने लगे थे। उन्होंने यहां एक फैक्ट्री लगाई थी। वह यहां ही रहते थे। लेकिन नए साल की सुबह पुलिस को जानकारी मिली की फैक्ट्री के अंदर किसी की लाश पड़ी हुई है।
बेटे ने गांव के शख्स पर जताया हत्या का शक
गन्नौर के एसीपी ऋषिकांत ने बताया- सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की, तो पाया कि मृतक का नाम दलबीर है। हत्या की असल वजह की सटीक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। लेकिन, मृतक के बेटे संदीप राठी ने एक व्यक्ति के ऊपर अपने पिता की हत्या का शक जताया है। संदीप को गांव के एक व्यक्ति के ऊपर शक भी है। पुलिस बयान के आधार पर जांच कर रही है।
पुलिस ने शुरू की खोजबीन
पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान दर्ज कर लिए हैं। इसके साथ ही मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पुलिस आस-पास के लोगों से पूछताछ कर रही है और जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर इसके पीछे किसका हाथ हो सकता है। पुलिस हर पहलू से जांच को आगे बढ़ा रही है।





