Retired IAS Suicide: दिल्ली के पूर्व IAS ने नोएडा में किराये के फ्लैट में दी जान, बीवी-बच्चों से अलग रहते थे राकेश मेहता
Who was Rakesh Mehta : शीला दीक्षित सरकार में मुख्य सचिव रहे व दिल्ली की सूरत संवारने में बड़ा रोल निभाने वाले पूर्व आईएएस अफसर राकेश मेहता ने नोएडा में सुसाइड कर लिया। वह MCD कमिश्नर जैसे अहम पद पर भी रहे थे। पिछले 5 सालों से वह बीवी-बच्चों से अलग नोएडा की एक सोसाइटी में किराये पर रहते थे।

दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव और एमसीडी कमिश्नर रहे रिटायर्ड आईएएस अफसर राकेश मेहता ने नोएडा के एक फ्लैट में आत्महत्या कर ली। वह 5 सालों से पत्नी और बेटे से अलग नोएडा की केंद्रीय विहार-2 सोसाइटी के फ्लैट में किराये पर रह रहे थे। पुलिस को रविवार दोपहर उनका शव फंदे से लटका मिला। पुलिस को फ्लैट के अंदर से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मानसिक तनाव के चलते खुदकुशी करने का जिक्र है। दिल्ली के लोधी रोड शमशान घाट पर सोमवार शाम अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने राकेश मेहता का मोबाइल फोन और सुसाइड नोट कब्जे में लिया है।
पुलिस ने बताया कि 74 वर्षीय राकेश मेहता की पत्नी रिटायर्ड आईएएस सुमति मेहता अपने बेटे के साथ देहरादून में, जबकि बेटी पति के साथ लंदन में रहती हैं। लोधी शमशान घाट पर सोमवार शाम शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन कब्जे में लिया है।
शीला दीक्षित सरकार में अहम कार्य किए
सहकर्मियों और कई राजनेताओं ने बताया कि 1975 बैच के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश मेहता ने दिल्ली की शीला दीक्षित सरकार के दौरान कई अहम कार्य किए। उन्हें सकारात्मक और कुशल अधिकारी के रूप में याद किया जाता है। उनके कामों में संपत्ति कर मूल्यांकन एवं बिजली के निजीकरण में बदलाव से लेकर ब्लू लाइन बसों को बंद करने और लो-फ्लोर बसें शुरू करने की योजना तैयार करना शामिल है। उन्होंने दिल्ली के बुनियादी ढांचे व सार्वजनिक सेवाओं को आकार दिया।
दिल्ली को संवारने, राष्ट्रमंडल खेलों में रही अहम भूमिका
दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव राकेश मेहता के सुसाइड करने से परिजनों के साथ करीबी भी अचंभित हैं। वह एक अनुभवी नौकरशाह थे। उन्होंने वर्ष 2010 में हुए राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान प्रशासन का कुशल नेतृत्व भी किया था। दिल्ली को संवारने में उनकी भूमिका अहम रही। उन्होंने दिल्ली के प्रमुख नागरिक, परिवहन और बिजली क्षेत्र में सुधारों को आगे बढ़ाया। पूर्व मुख्य सचिव राकेश मेहता ने करीब तीन दशक तक दिल्ली में विभिन्न पदों पर रहते हुए अपनी सेवाएं दीं। नवंबर 2010 में रिटायर होने के बाद वह कुछ समय परिवार के साथ रहे, लेकिन बाद में अकेला रहना पसंद करने लगे। उनकी पत्नी सुमति मेहता भी दिल्ली कैडर की रिटायर्ड आईएएस अधिकारी हैं।
डीयू से लेकर जेएनयू और लंदन तक की पढ़ाई
बेटा अविवाहित है और पीएचडी कर रहा। शादीशुदा बेटी लंदन में रहती है। पत्नी और बेटा कभी-कभी मिलने के लिए देहरादून से नोएडा आते थे। पुलिस को मौके से मिले एक पेज के सुसाइड नोट में राकेश मेहता ने किसी को भी मौत का जिम्मेदार नहीं ठहराया। उन्होंने बीमारी से परेशान होने, मानसिक तनाव में आत्महत्या करने की बात लिखी है। परिजनों के मुताबिक वह हाइपरटेंशन, बीपी, शुगर की बीमारी से ग्रस्त थे। वह लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से एमएससी, जेएनयू से एमए व सेंट स्टीफंस से बीए थे।
फंदे पर लटका मिला शव
पत्नी सुमति मेहता ने पुलिस को बताया कि राकेश मेहता से अंतिम बार शनिवार रात को बातचीत हुई थी। रविवार दोपहर उन्होंने कई बार कॉल किया, लेकिन रिसीव नहीं हुआ। संदेह होने पर उन्होंने सोसाइटी के सिक्योरिटी सुपरवाइजर को फोन किया। सुरक्षाकर्मी फ्लैट पर पहुंचे तो राकेश मेहता का शव फंदे पर झूल रहा था।
कुशल प्रशासक रहे
राकेश मेहता के साथ काम करने वाले लोगों और राजनेताओं ने उन्हें कुशल प्रशासक के रूप में याद किया। दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव रमेश नेगी ने लिंक्डइन पर लिखा कि वह राकेश मेहता के साथ एमसीडी, दिल्ली जल बोर्ड और परिवहन विभाग में काम कर चुके हैं। उन्होंने राकेश मेहता को कई प्रशासनिक सुधारों का श्रेय दिया। मेहता जब एमसीडी कमिश्नर थे, तब नेगी एडिशनल कमिश्नर थे। नेगी ने लिखा कि मेहता ने संपत्ति कर की गणना के लिए इकाई क्षेत्र पद्धति शुरू की।
पूर्व आईएएस अधिकारी ने यादें साझा की
रिटायर्ड आईएएस अधिकारी जेके दादू ने लिंक्डइन पोस्ट में राकेश मेहता की कार्यकुशलता को याद करते हुए कहा, उन्होंने उनसे बहुत कुछ सीखा। वह एक बैठक पूरी करते और तीन-चार घंटे बाद उनके द्वारा लिखवाए गए व हस्ताक्षरित कार्यवृत्त आपकी मेज पर होते थे। दादू ने मेहता को एयर एंबिएंस फंड की स्थापना का श्रेय भी दिया, जो बढ़कर लगभग 500 करोड़ का कोष बन चुका है।

