गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार 'कार कॉलिंग' की सुविधा, गाड़ी तभी आएगी जब पुलिस बुलाएगी

Jan 20, 2026 12:52 pm ISTAnubhav Shakya हिन्दुस्तान, अमित झा। नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

गणतंत्र दिवस समारोह में पहली बार पार्किंग लेबल वाले वाहनों के लिए कार कॉलिंग सुविधा शुरू होगी, जिससे दर्शक जैमर के बावजूद लाउडस्पीकर उद्घोषणा के जरिए अपनी गाड़ी उसी स्थान पर वापस बुला सकेंगे।

गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार 'कार कॉलिंग' की सुविधा, गाड़ी तभी आएगी जब पुलिस बुलाएगी

गणतंत्र दिवस समारोह में पहली बार पार्किंग लेबल वाली गाड़ी से पहुंचने वालों को कार कॉलिंग की सुविधा दी जएगी। ऐसे में दर्शकों को उसी जगह उनकी गाड़ी वापस मिलेगी, जहां उन्हें समारोह से पूर्व उतारा गया था।

इस सुविधा से कार्यक्रम संपन्न होने के बाद अफरातफरी नहीं मचेगी और लोगों को जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने एक दर्जन हेल्प डेस्क लगाए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल होने के लिए लगभग चार हजार वाहनों को पार्किंग लेबल जारी किए गए हैं। इन गाड़ियों को गणतंत्र दिवस परेड के समय एक निश्चित जगह तक जाने दिया जाएगा, जहां से उसमें सवार यात्रियों को उतरकर अपनी सीट तक जाना होगा। वहीं, गाड़ी यहां से उस पार्किंग में चला जाएगी जहां का लेबल उसे जारी किया गया है।

यह है व्यवस्था

दिल्ली पुलिस के कम्युनिकेशन विभाग द्वारा कार कॉलिंग सुविधा की व्यवस्था रखी गई है। इसके लिए मैदान में स्पीकर लगाए गए हैं, जिनसे कार को बुलाने के लिए पार्किंग में उद्घोषणा होगी। इसका इस्तेमाल करने के लिए केवल कार के मालिक को उस जगह पहुंचना होगा, जहां उन्हें गाड़ी ने सुबह के समय उतारा था।

सिग्नल नहीं होने के चलते होती थी परेशानी

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान जैमर का इस्तेमाल होता है, जिसकी वजह से वहां कॉल नहीं मिलती हैं। ऐसे में दर्शकों के लिए गाड़ी को बुलाना मुश्किल होता है। समारोह खत्म होते ही सभी गाड़ियां एक साथ पार्किंग से निकलकर सड़कों पर आ जाती है, जिससे जाम लगता है।

ट्रैफिक हेल्पडेस्क

  • मोती लाल नेहरू प्लेस गोल चक्कर
  • सुनहरी मस्जिद गोल चक्कर
  • मान सिंह गोल चक्कर
  • जीपीओ गोल चक्कर
  • जसवंत सिंह गोल चक्कर
  • मंडी हाउस गोल चक्कर
  • विंडसर प्लेस गोल चक्कर
  • तीन मूर्ति गोल चक्कर
  • क्यू पाइंट, पालिका पार्किंग
  • जनपथ-डा. राजेन्द्र प्रसाद क्रॉसिंग
  • यहां से होगी उदघोषणा
  • वाणिज्य भवन- पार्किंग लेबल 7
  • कर्तव्य भवन- पार्किंग लेबल 10
  • उद्योग भवन- पार्किंग लेबल 2बी
  • निर्माण भवन- पार्किंग लेबल 2ए

पार्क एंड राइड सेवा

गणतंत्र दिवस परेड में ड्यूटी पर आने वाले पुलिसकर्मियों एवं अन्य कर्मचारियों के लिए पार्क एंड राइड सुविधा होगी। दक्षिणी दिल्ली की तरफ से आने वाले कर्मचारी खान मार्केट एवं अमृता शेरगिल मार्ग पर अपनी गाड़ी खड़ी कर जेएलएन स्टेडियम से बस में परेड स्थल तक आ सकेंगे। वहीं, उत्तरी दिल्ली की तरफ से आने वाले पटेल चौक मेट्रो स्टेशन एवं एचसी माथुर लेन में अपनी गाड़ी खड़ी कर डीटीसी बस से आ सकेंगे। इससे जाम की समस्या नहीं होगी।

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें