कर्तव्य पथ पर परेड देखने जा रहे हैं? तो घर पर ही छोड़ दें ये सामान, वरना गेट से ही लौटना पड़ेगा

Jan 22, 2026 01:02 pm ISTAnubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

दिल्ली पुलिस ने 26 जनवरी परेड के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है, जिसमें पानी की बोतल, चार्जर और रिमोट चाबी जैसे सामानों पर रोक लगाई गई है। हालांकि, मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति रहेगी।

कर्तव्य पथ पर परेड देखने जा रहे हैं? तो घर पर ही छोड़ दें ये सामान, वरना गेट से ही लौटना पड़ेगा

अगर आप भी इस बार 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर भारत की आन-बान-शान माने जाने वाली गणतंत्र दिवस की परेड देखने का प्लान बना रहे हैं, तो अपना उत्साह जरूर साथ ले जाएं, लेकिन अपना बैग जरा ध्यान से पैक करें। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से एक सख्त 'चेकलिस्ट' जारी की है। अगर आपकी जेब या बैग में इनमें से कोई भी सामान मिला, तो आपको एंट्री नहीं मिलेगी।

इन चीजों पर बैन

  • खाने का टिफिन और पानी की बोतल: अक्सर लोग परेड लंबी चलने के कारण अपने साथ स्नैक्स या पानी रख लेते हैं, लेकिन इस बार खाने-पीने की चीजें, केचप, सॉस, पानी की बोतल, कैन और थर्मस (Thermos) पूरी तरह से प्रतिबंधित हैं। यानी पिकनिक का मूड छोड़कर, सिर्फ देशभक्ति के रंग में रंगने आएं।
  • इलेक्ट्रिक गैजेट्स पर भी रोक: परेड में कैमरा, दूरबीन, हैंडीकैम, लैपटॉप, आईपैड, टैबलेट, डिजिटल डायरी, पाम-टॉप कंप्यूटर, पेनड्राइव, टेप रिकॉर्डर, ट्रांजिस्टर और रेडियो लेकर जाने पर रोक है।
  • ग्रूमिंग किट और ज्वलनशील पदार्थ: अगर आपके बैग में डियोड्रेंट, परफ्यूम स्प्रे, या कॉस्मेटिक आइटम हैं, तो उन्हें घर पर ही रख दें। इसके अलावा माचिस, लाइटर, सिगरेट और बीड़ी जैसी चीजें भी गेट पर ही जब्त कर ली जाएंगी। सुरक्षा कारणों से कैंची, ब्लेड, नेल कटर, चाकू या रेजर जैसी नुकीली चीजें भी साथ न रखें।

गणतंत्र दिवस परेड

मोबाइल पर रोक है या नहीं?

कई लोगों में दिमाग में यह सवाल आ रहा होगा कि कहीं परेड में मोबाइल फोन तो बैन नहीं है। इसका जवाब नहीं है। आप अपना मोबाइल अपने साथ लेकर जा सकते हैं। लेकिन आप अपने फोन के लिए पावर बैंक, चार्जर या ब्लूटूथ ईयरबड्स नहीं ले जा सकते। एडवाइजरी में साफ लिखा है कि मोबाइल फोन के अलावा किसी अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण की अनुमति नहीं है।

कार से जा रहे हैं तो ध्यान दें!

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 'रिमोट नियंत्रित कार लॉक चाबियां' ले जाने की मनाही है। साथ ही बड़े बैग या ब्रीफकेस भी साथ न ले जाएं।

पुलिस की अपील

दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सुरक्षा जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करें। अगर आपको कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे, तो तुरंत पास के सुरक्षाकर्मी को बताएं। पैदल चलने वाले दर्शक केवल तय रास्तों का इस्तेमाल करें, सड़क पर न चलें। किसी भी तत्काल पुलिस सहायता के लिए 112 डायल करें और सूचना देने के लिए 14547 पर कॉल करें।

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें
;;;