सोनम वांगचुक को देश का शिक्षा मंत्री बनाया जाए, अरविंद केजरीवाल CJP के मंच से उठा दी नई मांग
सोनम वांगचुक और अभिजीत दीपके के प्रति अपना समर्थन जताने के लिए जंतर मंतर पहुंचे अरविंद केजरीवाल ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने प्रधान की जगह वांगचुक को नया मंत्री बनाने की सलाह दी।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया अरविंद केजरीवाल गुरुवार शाम जंतर-मंतर पहुंचे और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन को अपना समर्थन दिया। केजरीवाल ने 19 दिनों से मंच पर अनशन कर रहे सोनम वांगचुक को सैल्यूट किया और उन्हें देश का शिक्षा मंत्री बनाए जाने की मांग रखी। केजरीवाल ने पीएम नरेंद्र मोदी से कहा कि युवाओं की आवाज सुनी जाए नहीं तो 2014 जैसा (कांग्रेस की हार) हाल होगा।
केजरीवाल ने मंच पर पहुंचते ही सबसे पहले सीजेपी के फाउंडर और कभी उनकी पार्टी के लिए काम करने वाले अभिजीत दीपके को गले से लगा लिया। इसके बाद वह सोनम वांगचुक की ओर बढ़े और उनके करीब बैठकर बातचीत करते नजर आए। केजरीवाल के साथ राज्यसभा सांसद संजय सिंह और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज भी थे। केजरीवाल ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा, 'मैं सोनम वांगचुक जी को सलाम करता हूं जो अपने लिए नहीं आप लोगों के लिए,युवाओं और देश के बच्चों के लिए अपनी जान दाव पर लगाकर पिछले 19 दिन से अनशन कर रहे हैं आज उनका 19वां दिन है।'
धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेकर सोनम वांगचुक को बनाएं मंत्री: केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से कहा कि युवाओं, 'कॉकरोच मूवमेंट' और सोनम वांगचुक की बात सुनी जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, 'वरना तीन साल बाद आपका (केंद्र सरकार का) भी 2014 जैसा हाल होगा...।' केजरीवाल ने कहा कि उस समय कांग्रेस सरकार को भी बहुत अहंकार था। केजरीवाल ने इस दौरान अन्ना हजारे के अनशन को भी याद किया।
नीट पेपर लीक की वजह से शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रही सीजेपी का समर्थन करते हुए केजरीवाल ने नए शिक्षा मंत्री का नाम भी प्रस्तावित कर दिया। उन्होंने कहा, ‘मैं एक प्रस्ताव भी रखता हूं - धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा दे देना चाहिए और सोनम वांगचुक को देश का शिक्षा मंत्री बनाना चाहिए। मैं पीएम को सुझाव देता हूं-धर्मेंद्र प्रधान को हटा दें और सोनम वांगचुक को केंद्रीय शिक्षा मंत्री बनाएं।’ केजरीवाल ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था को बदलने के लिए क्रांति की जरूरत है और इसे सोनम वांगचुक जैसे क्रांतिकारी शिक्षा मंत्री कर सकते हैं।
19 दिन से अनशन पर सोनम वांगचुक, 20 को संसद मार्च
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर सोनम वांगचुक पिछले 19 दिन से अनशन कर रहे हैं और उनका करीब 9 किलो वजन कम हो चुका है। आम आदमी पार्टी के अलावा समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस जैसे विपक्षी दलों ने समर्थन का ऐलान किया है। सीजेपी ने 20 मार्च को संसद तक मार्च का ऐलान भी किया है। राजनीतिक दलों के बढ़ते समर्थन की वजह से घोषित प्रदर्शन में भीड़ जुटने की संभावना जताई जा रही है, जिसकी अभी तक कमी दिखी है।


