
रेखा गुप्ता ने किया आजादपुर के नए बस टर्मिनल का उद्घाटन, 40 ई-बसों को दिखाई हरी झंडी
दिल्ली के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज नए आजादपुर बस टर्मिनल का उद्घाटन किया और 40 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में योजनाएं अटकी, भटकी और लटकी हुई थीं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज नए आजादपुर बस टर्मिनल का उद्घाटन किया और 40 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में योजनाएं अटकी, भटकी और लटकी हुई थीं। 8 महीने के कार्यकाल में उनकी सरकार ने दिल्ली को विकास की कई नई परियोजनाओं की सौगात दी है। इस मौके पर दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे।

सीएम ने कहा कि इस कार्यकाल में दिल्ली की सड़कों पर 1400 नई इलेक्ट्रिक बसों को लाया गया है, जबकि पूर्व की सरकार ने अपने 11 साल के कार्यकाल में कुल 2000 बसों को दिल्ली के बेड़े में शामिल किया था। उन्होंने कहा कि हम अपनी योजनाओं का विज्ञापन नहीं करते जनता को तेरा तुझको अर्पण कहकर योजनाओं की शुरुआत कर देते हैं।
नए टर्मिनल में कौन-कौन सी सुविधाएं
रेखा गुप्ता ने उद्घाटन से पहले अपने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म 'एक्स' पर एक कर लिखा, ''नया आजादपुर बस टर्मिनल यात्रा को और अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाएगा। इसमें यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, पुरुष, महिला, दिव्यांग और ट्रांसजेंडर के लिए अलग-अलग सार्वजनिक शौचालय, बेबी फीडिंग रूम, फार्मेसी, कैंटीन और एक सुरक्षित कवर्ड पैदल मार्ग की व्यवस्था की गई है। टर्मिनल में डिजिटल स्क्रीन, सूचना संकेतक और सार्वजनिक घोषणा प्रणाली उपलब्ध है, जिससे यात्रियों को रीयल-टाइम जानकारी मिल सकेगी।
21 बड़े रूटों पर चलेंगी 116 बसें
उन्होंने लिखा कि आजादपुर के नए टर्मिनल से अब 21 बड़े रूटों पर 116 बसें जिनमें ज्यादातर इलेक्ट्रिक बसें होंगी नियमित रूप से चलेंगी। इससे दिल्लीवासियों को स्वच्छ, आरामदायक और बेहतर सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी।
दिल्ली सरकार आईएसबीटी पर उपलब्ध कराएगी ईवी-चार्जिंग सुविधा
दिल्ली सरकार दो शहरों के लिए अंतर-राज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू करने के बाद राजधानी के तीन प्रमुख आईएसबीटी पर इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराने वाली है। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली परिवहन अवसंरचना विकास निगम (डीटीआईडीसी) ने तीन आईएसबीटी - कश्मीरी गेट, सराय काले खां और आनंद विहार में चार्जर की आपूर्ति और स्थापना तथा आवश्यक बुनियादी ढांचे के लिए टेंडर जारी किया है।
अधिकारियों ने बताया कि यह पहल दिल्ली सरकार की अगले डेढ़ साल के भीतर अपने सार्वजनिक परिवहन बेड़े को पूरी तरह से इलेक्ट्रिक वाहनों में बदलने की व्यापक योजना का हिस्सा है। तीनों आईएसबीटी पर ईवी चार्जिंग बुनियादी ढांचा स्थापित करने की अनुमानित लागत 16.99 करोड़ रुपये है।
एक अधिकारी ने बताया कि इस परियोजना में ईवी चार्जिंग सुविधा के लिए नागरिक बुनियादी ढांचे का निर्माण और चार्जरों की आपूर्ति तथा उन्हें उपलब्ध कराया जाना शामिल है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बीते गुरुवार को कश्मीरी गेट आईएसबीटी से नयी दिल्ली-सोनीपत अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे कुछ दिन पहले, दिल्ली सरकार द्वारा बड़ौत के लिए पहली अंतरराज्यीय ई-बस सेवा की शुरूआत की गई थी।
(भाषा के इनपुट के साथ)





