आशुतोष रांका और सौरभ दास को जेल भेजे जाने की असली वजह क्या है? CJP तो कर रही तिरंगे वाला दावा
कॉकरोच जनता पार्टी का दावा है कि सौरभ दास और आशुतोष रांका को तिरंगा फहराने की वजह से जेल में डाला गया है, जबकि पुलिस ने कुछ और वजहें गिनाईं।दोनों नेताओं को पांच दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक सौरभ दास और आशुतोष रांका को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मंगलवार को जंतर-मंतर पर हिरासत में लिए गए सौरभ दास आशुतोष रांका और राष्ट्रीय संगठन प्रभारी आजिंक्य शिंदे को सुबह कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। इसके बाद दास और रांका को जहां तिहाड़ जेल भेज दिया गया तो शिंदे को 5 हजार रुपये का मुचलका भरवाकर छोड़ दिया गया है, जिसमें उन्होंने एक साल तक शांति भंग ना करने की शर्त मानी है।
सीजेपी के संह संयोजक सौरभ दास, आशुतोष रांका और संगठन प्रभारी आजिंक्य शिंदे समेत अन्य सदस्यों को मंगलवार सुबह जंतर-मंतर पर हिरासत में लिया गया था। सुबह ये 14 नेता एक गेट फांदकर जंतर-मंतर पर अवैध तरीके से दाखिल हो गए थे। जंतर-मंतर पहुंचते ही इन्होंने तिरंगा लहराया और देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालांकि, कुछ पलों के भीतर ही सुरक्षाकर्मियों ने इन्हें हिरासत में ले लिया। सीजेपी नेताओं ने नारेबाजी जारी रखी। वे भारत माता की जय के नारे भी लगा रहे थे।
सीजेपी ने कहा- तिरंगा फहराने की वजह से गिरफ्तारी-जेल
कॉकरोच जनता पार्टी और इसके प्रमुख अभिजीत दीपके ने बार-बार यह कहा है कि उनके नेताओं को सिर्फ इस वजह से गिरफ्तार किया गया और जेल भेजा गया कि उन्होंने तिरंगा फहराया और भारत माता की जय के नारे लगाए। बेल बॉन्ड भरने के बाद बाहर निकले आजिंक्य शिंदे ने भी यही दलील दी। दीपके ने कहा, 'मैं नरेंद्र मोदी से कहना चाहता हूं कि तुम्हें देश में आपतकाल लगाना है तो आधिकारिक रूप से करो ना, यह क्या कायरों की तरह अघोषित आपातकाल लगा रहे हो। आप लोगों को जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराने की वजह से हिरासत में ले रहे हो। तिरंगा लहराना कब से इस देश में पाप हो गया कि उसके लिए 5 दिन न्यायिक हिरासत में भेज रहे हो। नरेंद्र मोदी से कहना चाहते हैं कायर मत बनो, दम है तो आपातकाल की घोषणा करो।'
उन्होंने एक बार फिर अपनी बात को दोहराते हुए कहा, 'उन्हें अवैध हिरासत में रखा गया। वकीलों से भी नहीं मिलने दिया गया। अब पांच दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा गया। किस चीज के लिए? क्या गुनाह था उनका? उनका गुनाह सिर्फ यही था कि वह जंतर-मंतर पर गए और वहां तिरंगा लहराया। नरेंद्र मोदी के राज में क्या जंतर-मंतर पर तिरंगा लहराना पाप हो गया है?
क्यों गिरफ्तारी और जेल, पुलिस ने क्या बताया है 'गुनाह'
दिल्ली पुलिस का कहना है कि कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं को इसलिए हिरासत में लिया गया, क्योंकि उन्होंने अवैध तरीके से जंतर-मंतर पर जाकर प्रदर्शन किया, जिसे पहले ही आधिकारिक प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाया जा चुका था। और जब यह प्रदर्शन स्थल था भी तो इसके लिए अनुमति की आवश्यकता होती थी। पीटीआई ने दिल्ली पुलिस के हवाले से बताया है कि सौरव दास और आशुतोष रांका को शांति बनाए रखने के लिए उनके द्वारा भरे गए मुचलकों का कथित रूप से उल्लंघन करने और प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाए जा चुके जंतर-मंतर में अनधिकृत रूप से प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
दो एफआईआर दर्ज
दिल्ली पुलिस की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, '13 अक्टूबर 2026 की सुबह सौरभ दास, आशुतोष रांका और आजिंक्य शिंदे और कॉकरोच जनता पार्टी के 11 अन्य सदस्य एक निजी परिसर से अवैध तरीक से जंतर-मंतर पर दाखिल हुए, जिसे आधिकारिक प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाया जा चुका है। वहां पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों के काम में बाधा डालने की कोशिश की। सभी 14 लोगों को हिरासत में लिया गया। कनॉट पुलिस थाने में और संसद मार्ग थाने में अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया गया।'
जेल क्यों भेजा गया?
पुलिस ने बताया कि आशुतोष रांका, सौरभ दास और आजिंक्य शिंदे की ओर से बार-बार शांति भंग के प्रयास की वजह से उन्हें गिरफ्तार किया गया। उन्होंने दूसरों को भी सोशल मीडिया के जरिए गैर-कानूनी गतिविधि में शामिल होने के लिए उकसाया, इसे भी ध्यान में रखा गया है। तीनों को स्पेशल एग्जीक्युटिव मजिस्ट्रेट के सामे पेश किया गया। मजिस्ट्रेट ने यह देखते हुए कि वे बार-बार नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं और रिहा किए जाने पर फिर से कानून के उल्लंघन की आशंका को देखते हुए सौरभ दास और आशुतोष रांका को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, आजिंक्य शिंदे को 6 महीने तक शांति भंग ना करने और अच्छे व्यवहार की शर्त के साथ 5 हजार रुपये का बॉन्ड भरवाया गया और छोड़ दिया गया।

