Delhi Rape Case : 2 बार रेप, बेरहमी से पीटा और फिर मर्डर; महरौली की मासूम पर कई दिन से नजर गड़ाए था हैवान
दिल्ली के महरौली इलाके में एक कैब ड्राइवर द्वारा परिवार के साथ फुटपाथ पर सोई मासूम बच्ची को अगवा कर गाड़ी में दो बार दुष्कर्म किया गया था। आरोपी कई दिनों से बच्ची पर नजर गड़ाए हुए था। वारदात वाली रात भी वह उसके आसपास चक्कर लगाता हुआ देखा गया था।

दिल्ली के महरौली इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक कैब चालक ने सीडीआर चौक के पास से एक मासूम बच्ची का अपहरण करने के बाद गाड़ी में ही उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी कई घंटों तक बच्ची को बंधक बनाकर दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर घूमता रहा। जब वह बच्ची को लेकर दिल्ली वापस लौट रहा था, तब रास्ते में पुलिस की नाकेबंदी और मुस्तैदी देखकर वह डर गया। पकड़े जाने के डर से आरोपी बच्ची को दोबारा गुरुग्राम की तरफ ले भागा। वहां उसने सुनसान स्थान देखकर मासूम के साथ दोबारा दुष्कर्म किया और फिर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
वारदात के तुरंत बाद आरोपी ऑनलाइन ऐप के जरिये सवारी बुक कर उन्हें गंतव्य तक छोड़ने निकल गया। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कैब कंपनी से उसकी लाइव लोकेशन हासिल की और विकासपुरी इलाके से उसे दबोच लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्त में आए आरोपी बबलू ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दी थीं। विरोध करने और रोने-चिल्लाने पर आरोपी ने मासूम बच्ची के साथ बेरहमी से मारपीट की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी कबूल किया कि वह बच्ची को पहले से जानता था और उसे अक्सर इलाके में गुब्बारे बेचते हुए देखता था, जिसके बाद से ही उसकी नीयत खराब थी।
आरोपी पर बिहार में भी दर्ज हैं मुकदमे
आरोपी मूल रूप से बिहार के खगड़िया का रहने वाला है और उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। बिहार में भी उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी स्मैक और गांजे जैसे मादक पदार्थों के सेवन का आदी है। पुलिस सूत्रों ने पुष्टि की है कि इस वारदात को अंजाम देते समय भी आरोपी नशे की हालत में था।
पांच घंटे तक पुलिस को गुमराह करता रहा आरोपी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी बबलू बेहद शातिराना अंदाज में पुलिस को चमका देने की कोशिश करता रहा। शुरुआती पूछताछ में उसने लगभग पांच घंटे से ज्यादा समय तक पुलिस को गुमराह किया। पहले उसने कहा कि वह सीडीआर चौक जरूर गया था, लेकिन उसने किसी बच्ची को नहीं उठाया। हालांकि, बाद में उसने अपनी कहानी बदलते हुए कहा कि बच्ची खुद आकर उसकी गाड़ी में बैठ गई थी और उसने उसे सुरक्षित गुरुग्राम छोड़ दिया था। पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज के सबूत सामने रखे, तब जाकर शाम करीब 5 बजे उसने अपना जुर्म कबूल किया। उसने पूरी वारदात की सच्चाई बयां करते हुए अपहरण, दुष्कर्म और हत्या की बात मानी। आरोपी की निशानदेही पर दिल्ली पुलिस की टीम उसे गुरुग्राम के सुशांत लोक इलाके में लेकर पहुंची, जहां खुशबू चौक के पास झाड़ियों से मासूम बच्ची का शव बरामद किया गया।
रास्ते में नहीं मिली पुलिस चेकिंग
महरौली से सुशांत लोक तक करीब 18 किलोमीटर के रास्ते में आरोपी को कहीं पुलिस चेकिंग नहीं मिली। अपहरण की सूचना के बाद दिल्ली सीमा पर सख्ती देख वह गुरुग्राम लौट गया, जहां उसने बच्ची की हत्या कर दी।
फुटपाथ पर सो रही थी बच्ची
जांच में पता चला कि पीड़ित परिवार बिहार का रहने वाला है। चार महीने बाद दिल्ली लौटने पर किराये का कमरा नहीं मिलने से परिवार महरौली के सौ फुटा रोड स्थित लालबत्ती के पास फुटपाथ पर रह रहा था। बच्ची के पिता ने बताया कि रविवार देर रात एक सफेद कैब कई बार उनके आसपास चक्कर लगा रही थी। उन्होंने इसे सवारी की तलाश समझकर नजरअंदाज कर दिया। सुबह बच्ची के गायब होने पर उनका शक उसी कैब चालक पर गया।
300 फुटेज से मिला सुराग
घटना के बाद पुलिस ने कई टीमों को जांच में लगाया। बच्ची के पिता के बयान के आधार पर सफेद कैब की तलाश शुरू की गई। महरौली से एमजी रोड तक लगे करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर कैब का रजिस्ट्रेशन नंबर मिला। जांच में चालक की पहचान बबलू के रूप में हुई। इसके बाद कैब ऐप कंपनी से मिली लाइव लोकेशन के आधार पर पुलिस ने विकासपुरी में घेराबंदी कर सुबह करीब 11:15 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
‘बच्चों के खिलाफ अपराध बढ़ रहे’
महरौली में बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले में कांग्रेस ने भाजपा सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि बच्ची के साथ हुई वारदात सरकार की विफलता का प्रमाण है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं। वहीं, घटना ने दिल्ली-एनसीआर की रात्रिकालीन सुरक्षा और पुलिस गश्त पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोपी महरौली से सुशांत लोक तक बिना किसी बाधा के पहुंच गया था।


