Hindi Newsएनसीआर Newsranjan pathak encounter criminal record of bihar gangster
दिल्ली में ढेर किया गया गैंगस्टर रंजन पाठक चाहता था नाम, खुद करता था गुनाहों का प्रचार

दिल्ली में ढेर किया गया गैंगस्टर रंजन पाठक चाहता था नाम, खुद करता था गुनाहों का प्रचार

संक्षेप:

दिल्ली के रोहिणी इलाके में बुधवार की रात पुलिस और बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बिहार के कुख्यात अपराधी रंजन पाठक और उसके गिरोह के तीन अन्य वांछित सदस्य मुठभेड़ में मारे गए।

Thu, 23 Oct 2025 03:22 PMSudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, राजन शर्मा, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

दिल्ली के रोहिणी इलाके में बुधवार की रात पुलिस और बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बिहार के कुख्यात अपराधी रंजन पाठक और उसके गिरोह के तीन अन्य वांछित सदस्य मुठभेड़ में मारे गए। यह मुठभेड़ 22 और 23 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 2:20 बजे रोहिणी सेक्टर के बहादुर शाह मार्ग और पंसाली चौक के बीच हुई।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

जॉइंट कमिश्नर (क्राइम) सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस की टीम को सूचना मिली थी कि बिहार के सीतामढ़ी का कुख्यात अपराधी रंजन पाठक अपने साथियों के साथ दिल्ली पहुंचा है और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिस पर जवाबी कार्रवाई की गई। दोनों ओर से चली गोलियों में चारों अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मारे गए अपराधियों की पहचान मलाही गांव, सुरसंड, सीतामढ़ी निवासी रंजन पाठक (25), बाजपट्टी थाना क्षेत्र, सीतामढ़ी निवासी बिमलेश महतो उर्फ बिमलेश साहनी (25) , दोस्तियां गांव, शिवहर निवासी अमन ठाकुर (21) और शेरपुर गांव, करावल नगर, दिल्ली निवासी मनीष पाठक (33) के रूप में हुई है। जॉइंट कमिश्नर के अनुसार मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने कहा कि यह गिरोह दिल्ली में किसी बड़ी आपराधिक साजिश को अंजाम देने आया था।

रंजन पाठक बिहार के सीतामढ़ी जिले का कुख्यात अपराधी था और ‘सिग्मा एंड कंपनी’ नामक आपराधिक संगठन का सरगना था। यह गैंग बिहार-नेपाल सीमा, झारखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक सक्रिय था। गिरोह रंगदारी, सुपारी किलिंग, हथियार तस्करी, अपहरण और फिरौती जैसे गंभीर अपराधों में लिप्त था। रंजन पाठक पर 25000 का इनाम घोषित था। उसका दाहिना हाथ बिमलेश महतो रंगदारी और हथियार तस्करी में सक्रिय था। मनीष पाठक हत्या और अपहरण के मामलों में वांछित था, जबकि अमन ठाकुर दिल्ली में गिरोह को लॉजिस्टिक सपोर्ट देता था।

गिरोह ने बिहार में कई सनसनीखेज हत्याओं को अंजाम दिया था। इनमें बाजपट्टी में आदित्य सिंह की हत्या, परोहा पंचायत की मुखिया रानी देवी के देवर मदन कुशवाहा की हत्या, ब्रह्मर्षि सेना के जिला अध्यक्ष राम मनोहर शर्मा की गोली मारकर हत्या, और शिवहर जिले में गुड्डू झा की दिनदहाड़े हत्या शामिल हैं। रंजन पाठक ने इन हत्याओं की जिम्मेदारी खुद ली थी और मीडिया से संपर्क कर ‘सिग्मा एंड कंपनी’ गैंग का नाम सार्वजनिक किया था। उसने अपना ‘क्रिमिनल बायोडेटा’ तक मीडिया को भेजा था, जिसमें पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए थे। दरअसल, उसका मकसद था जनता में भय और अपने गैंग की दहशत फैलाना।

पुलिस के मुताबिक गिरोह की फंडिंग नेपाल के रास्ते होती थी और रंजन सोशल मीडिया पर अपने अपराधों का प्रचार कर युवाओं को प्रभावित करने की कोशिश करता था। वह लगातार ताबड़तोड़ वारदातें कर पुलिस को चुनौती देता रहा। बिहार पुलिस और एसटीएफ की टीमें कई महीनों से उसकी गतिविधियों की निगरानी कर रही थीं। पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह कार्रवाई अपराधियों के लिए कड़ा संदेश है। पुलिस ने गैंग के बचे हुए सदस्यों की पहचान कर ली है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, यह मुठभेड़ बिहार विधानसभा चुनाव से पहले अपराध पर नकेल कसने की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह चुनाव के दौरान बिहार में हिंसा और दहशत फैलाने की साजिश में लगा था। रोहिणी एनकाउंटर के साथ ही बिहार और दिल्ली पुलिस ने न सिर्फ रंजन पाठक गिरोह का सफाया किया है, बल्कि एक ऐसे अंतरराज्यीय अपराध नेटवर्क का अंत किया है जिसने बिहार-नेपाल सीमा से लेकर दिल्ली तक अपराध का जाल फैला रखा था।

Sudhir Jha

लेखक के बारे में

Sudhir Jha
डिजिटल और प्रिंट मीडिया में डेढ़ दशक का अनुभव। भारतीय राजनीति के साथ एशियाई और वैश्विक मामलों की समझ। अर्थशास्त्र और खेल में भी रुचि। जम्मू-कश्मीर, लखनऊ और दिल्ली में पत्रकारिता कर चुके हैं। लाइव हिन्दुस्तान से पहले आज समाज, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, न्यूज ट्रैक, नवभारत टाइम्स में सेवा दे चुके हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट ग्रैजुएशन डिप्लोमा से पहले कंप्यूटर साइंस में ग्रैजुएशन किया है। जन्म बिहार में हुआ और पले-बढ़े मेरठ में। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi Blast, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।