घायल हूं इसलिए घातक हूं; राघव चड्ढा ने दिया AAP नेताओं के लगाए तीन प्रमुख आरोपों का जवाब

Sourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

राघव पर आरोप लगाया गया था कि वो महत्वपूर्ण विषयों पर ना तो सरकार का विरोध करते हैं और ना ही विपक्षी दलों के साथ संसद से वॉकआउट करते हैं। जिसके बाद शनिवार दोपहर राघव चड्ढा ने अपना एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए अपने ऊपर लग रहे इन तमाम सवालों का जवाब दिया।

घायल हूं इसलिए घातक हूं; राघव चड्ढा ने दिया AAP नेताओं के लगाए तीन प्रमुख आरोपों का जवाब

आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा को हाल ही में पार्टी ने राज्यसभा में उपनेता के पद से हटा दिया था। इस कार्रवाई को लेकर पार्टी नेताओं ने उन पर कई तरह के आरोप लगाते थे और कहा कि वो पार्टी लाइन से हटकर काम कर रहे थे। साथ ही उन पर आरोप लगाया गया कि वो महत्वपूर्ण विषयों पर ना तो सरकार का विरोध करते हैं और ना ही वॉकआउट के समय संसद से बाहर जाते हैं। जिसके बाद शनिवार दोपहर राघव चड्ढा ने पार्टी पर पलटवार किया। उन्होंने अपना एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया और अपने ऊपर लगाए गए मुख्य रूप से तीन बड़े आरोपों का जवाब दिया। साथ ही अंत में उन्होंने कहा कि मैं घायल हूं इसलिए घातक हूं।

संसद में फालतू के मुद्दे उठाने के आरोप पर राघव चड्ढा ने कहा कि 'मैं संसद में शोर मचाने या गाली देने नहीं गया हूं। मैं राज्यसभा में आम जनता से जुड़े मुद्दे उठाने गया हूं, मैं लोगों की बात करने गया हूं।' उन्होंने कहा कि ‘मैं चुनौती देता हूं, आप एक मौका बता दीजिए कि कब मैंने विपक्षी सदस्यों के साथ वॉकआउट नहीं किया। संसद में कैमरे लगे हैं, आप कैमरा निकालकर दिखा दीजिए।’

राघव ने कहा कि मुझ पर आरोप लगाया गया कि मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जब प्रस्ताव आया था, तो मैंने उस पर हस्ताक्षर नहीं किए थे। इस आरोप का जवाब देते हुए उन्होंने कहा 'मैं साइन तो तब करता जब मुझे कोई इस बारे में ऑफिशियली या अनऑफिशियली बताता, मुझे इस बारे में किसी ने कुछ बताया ही नहीं था।' आगे उन्होंने कहा, 'राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के 10 सांसद हैं, जिनमें से 6 या 7 सांसदों ने साइन नहीं किया। लेकिन सवाल सिर्फ मुझ पर उठाया गया।'

वीडियो में क्या-क्या बोले राघव?

अपने वीडियो में राघव चड्ढा ने कहा, 'कल से मेरे खिलाफ एक स्क्रिप्टेड कैंपेन चलाया जा रहा है, समान भाषा, समान बातें, समान आरोप। ये कोई इत्तेफाक नहीं है, बल्कि एक सामूहिक हमला है। पहले मैंने सोचा कि मुझे इसका जवाब नहीं देना चाहिए, फिर लगा कि कहीं एक झूठ को सौ बार बोला जाए तो कुछ लोग मान ना जाएं। इसलिए मैंने सोचा कि जवाब तो देना चाहिए। आम आदमी पार्टी ने तीन आरोप लगाते हुए ये कहा कि, इन तीन आरोपों की वजह से हम राघव चड्ढा को संसद में बोलने का मौका नहीं देंगे।'

वॉकआउट ना करने के आरोप को बताया सफेद झूठ

आगे उन्होंने कहा, 'राघव चड्ढा के संसद में बोलने पर रोक इसलिए लगाई गई, क्योंकि उन्होंने ये तीन गलतियां कीं। मैं एक-एक करके इन तीनों पर आपसे बात करना चाहता हूं। मुझ पर पहला आरोप लगाया गया कि जब विपक्षी दल संसद से वॉकआउट करता है, तो राघव चड्ढा वहीं बैठे रहते हैं, वो वॉकआउट नहीं करते हैं।'

इस आरोप का जवाब देते हुए राघव ने कहा, 'ये सरासर झूठ है, सफेद झूठ। मैं चुनौती देता हूं कि कोई एक घटना बताइए जब विपक्षी दलों ने वॉकआउट किया हो, और मैंने उनका साथ ना दिया हो। मैंने साथ में वॉकआउट नहीं किया हो। संसद में तो सभी जगह CCTV कैमरा है, आप कैमरा फुटेज निकालकर दिखा दीजिए, दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा।'

CEC वाली याचिका पर साइन नहीं करने के आरोप का जवाब भी दिया

अपने ऊपर लगे दूसरे प्रमुख आरोप का जिक्र करते हुए राघव ने आगे कहा, 'मुझ पर दूसरा आरोप लगाया कि राघव चड्ढा ने मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने वाली याचिका पर साइन करने से मना कर दिया। यह दूसरा सफेद झूठ है। ना मुझे आम आदमी पार्टी के किसी भी नेता ने इस मोशन पर साइन करने को कहा, ना औपचारिक तौर पर कहा, ना अनौपचारिक तौर पर कहा। और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा में कुल 10 सांसद हैं, जिनमें से छह या सात सांसदों ने खुद ही इस मोशन पर साइन नहीं किया, तो भला इसमें मेरी क्या गलती, खाली सारा दोष केवल मुझ पर ही क्यों मढ़ा जा रहा है। इस मोशन के लिए राज्यसभा में कुल 50 साइन चाहिए होते हैं, यानी 105 विपक्षी सांसदों में से केवल 50 हस्ताक्षर से यह याचिका पूरी हो जाती, तो इतना शोर क्यों मचाया जा रहा है।'

संसद में फालतू के मुद्दे उठाने के आरोप पर भी बोले

राघव चड्ढा ने आगे कहा, ‘तीसरा आरोप जो मुझ पर लगाया गया, वो ये था कि राघव चड्ढा डर गए हैं इसलिए वो बेकार मुद्दे उठा रहे हैं।' इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा, 'पहली बात तो मैं बता दूं कि मैं संसद में शोर मचाने, चीखने, चिल्लाने, माइक तोड़ने या गाली देने नहीं गया हूं। मैं वहां पर जनता के मुद्दे उठाने गया हूं, लोगों की बात करने गया हूं। मैंने कौन सा मुद्दा नहीं उठाया, मैंने GST से लेकर इनकम टैक्स की बात की। पंजाब के पानी से लेकर दिल्ली की हवा का मुद्दा उठाया।’

आगे उन्होंने कहा, ‘हमारे सरकारी स्कूलों की हालत से लेकर देश के पब्लिक हेल्थ केयर इंस्टिट्यूशन्स को कैसे मजबूत किया जाए यह मुद्दा उठाया। इंडियन रेलवे में जो लोग यात्रा करते हैं, उनकी समस्याएं रखीं, यहां तक कि मैंस्ट्रूअल हेल्थ एक ऐसा मुद्दा जिसके बारे में लोग बात करने से कतराते हैं, वो बातें तक रखीं। मैंने बेरोजगारी से लेकर महंगाई तक तमाम मुद्दे उठाए, आप मेरे चार साल का संसद का रिकॉर्ड उठाकर देख लीजिए।'

राघव बोले- मैं घायल हूं, इसलिए ही घातक हूं

अपने वीडियो के आखिर में उन्होंने कहा, 'मैं संसद में इम्पैक्ट क्रिएट करने गया हूं, मैं संसद में हंगामा करने नहीं गया हूं। ये टैक्सपेयर्स के पैसों से जो संसद चलती है, उस टैक्सपैयर्स के मुद्दे उठाने मैं संसद में गया हूं। और वो लोग जो मुझ पर आरोप लगा रहे हैं, झूठे आरोप लगा रहे हैं, उनसे मैं बस इतना ही कहना चाहूंगा कि हर झूठ को बेनकाब किया जाएगा, हर सवाल का जवाब दिया जाएगा, क्योंकि मैं घायल हूं, इसलिए ही घातक हूं। जय हिन्द।'

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।