गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में बनेंगी ये 5 सड़कें, 60 से अधिक सोसाइटियों को होगा फायदा
गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में पांच सड़कें बनाई जाएंगी। इस पर प्राधिकरण 20.33 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इन मार्गों के दुरुस्त होने से स्थानीय लोगों और यहां से गुजरने वालों को राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में जाम की समस्या से भी छुटकारा मिल सकेगा।
गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में पांच सड़कें बनाई जाएंगी। इस पर प्राधिकरण 20.33 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इन मार्गों के दुरुस्त होने से स्थानीय लोगों और यहां से गुजरने वालों को राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में जाम की समस्या से भी छुटकारा मिल सकेगा।
राजनगर एक्सटेंशन में 63 से अधिक सोसाइटी हैं, जिसमें डेढ़ लाख से अधिक आबादी रहती है। इस क्षेत्र में एक मुख्य मार्ग है, जो जीटी रोड होते हुए एलिवेटेड से दिल्ली-मेरठ रोड को जोड़ता है। इस मार्ग पर वाहनों का सबसे अधिक दबाव रहता है, क्योंकि इस मार्ग से गाजियाबाद, मुरादनगर और मोदीनगर से हिंडन एयरफोर्स और एलिवेटेड रोड के जरिये दिल्ली नोएडा आने जाने वाले वाहन गुजरते हैं।
सुबह और शाम के वक्त मार्ग पर सबसे अधिक जाम रहता है। अब जीडीए क्षेत्र की अन्य सड़कों पर काम करेगा, ताकि मुख्य मार्ग का जाम कम किया जा सके। इसके लिए प्राधिकरण क्षेत्र में पांच सड़कों को बनाएगा या उनकी मरम्मत कराएगा। जीडीए अधिकारी बताते हैं कि इन सड़कों के दुरुस्त होने से क्षेत्र के लोगों को सबसे अधिक फायदा मिलेगा। अधिकारी का कहना है कि इन मार्गों को दुरुस्त करने का काम एक महीने में शुरू होने की संभावना है। इनके निर्माण और मरम्मत पर 20.33 करोड़ से अधिक खर्च किया जाएगा।
ये सड़कें दुरुस्त होंगी
अधिकारी के अनुसार, राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र के अंतर्गत जीडी गोयंका स्कूल के सामने 45 मीटर चौड़ी सड़क को बेहतर बनाया जाएगा। साथ ही अजनारा सोसाइटी की अजनारा फेग्रेंसी तक 45 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। वहीं, सोना पैलेस से गुलमोहर सोसाइटी के पीछे वाले गेट तक, केडीपी गोल चक्कर से अग्रवाल हाईट्स तक और बंधा रोड से ज्योति सुपर तक सड़क की मरम्मत होगी।
यातायात बेहतर होगा
पांच मार्गों के दुरुस्त होने से राजनगर एक्सटेंशन में जाम की समस्या दूर हो सकेगी। अधिकारी बताते हैं कि सड़क निर्माण से क्षेत्र को बेहतर यातायात सुविधा मिलने से निवेश भी बढ़ेगा। साथ ही मानचित्र स्वीकृति कर क्षेत्र का सुनियोजित विकास भी होगा।
नंद किशोर कलाल, उपाध्यक्ष, जीडीए, ''राजनगर एक्सटेंशन की सड़कों को जल्द दुरुस्त किया जाएगा। इसकी योजना बनाई गई है। टेंडर होने के बाद इन पर काम शुरू किया जाएगा। एक महीने में इन पर काम शुरू हो सकेगा।''





