काम की बात: राजनगर एक्सटेंशन में बनेगा 5.8km लंबा आउटर रिंग रोड, हरनंदीपुरम-एयरोसिटी समेत 60 अधिक सोसाइटियों को होगा लाभ

हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
Follow us on Google News
share

गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में 90 करोड़ रुपये की लागत से करीब 5.8 किलोमीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा आउटर रिंग रोड बनाया जाएगा। इस रिंग रोड के बनने से हरनंदीपुरम और एयरोसिटी टाउनशिप समेत राजनगर एक्सटेंशन की 60 से अधिक सोसाइटियों में रहने वाले लोगों को जाम से मुक्ति मिलेगी। 

राजनगर एक्सटेंशन में बनेगा 5.8km लंबा आउटर रिंग रोड, हरनंदीपुरम-एयरोसिटी समेत 60 अधिक सोसाइटियों को होगा लाभ

गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन को जाम मुक्त करने की तैयारी है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) अगले महीने से 45 मीटर चौड़े आउटर रिंग रोड का निर्माण शुरू करा सकता है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। करीब 90.91 करोड़ की लागत से तैयार होने वाले इस रिंग रोड के बनने से लोगों को लाभ होगा।

राजनगर एक्सटेंशन में 60 से अधिक सोसाइटियां हैं, जिसमें दो लाख से अधिक आबादी रहती है। इस क्षेत्र में एक मेन रोड है, जो जीटी रोड होते हुए एलिवेटेड रोड से दिल्ली-मेरठ रोड को जोड़ता है। इस मार्ग पर वाहनों का सबसे अधिक दबाव रहता है क्योंकि इस मार्ग से गाजियाबाद, मुरादनगर और मोदीनगर से हिंडन एयरफोर्स और एलिवेटेड रोड के जरिये दिल्ली-नोएडा आने जाने वाले वाहन गुजरते हैं। सुबह और शाम के वक्त मार्ग पर सबसे अधिक जाम रहता है। इस समस्या को दूर करने के लिए जीडीए ने 45 मीटर चौड़ा आउटर रिंग रोड बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।

अधिकारी बताते हैं कि आउटर रिंग रोड लगभग 5.8 किलोमीटर लंबी होगी। इस मार्ग से वाहन चालक सिटी फॉरेस्ट के पास से सीधा एनपीआर की तरफ जा सकेंगे। आउटर रिंग रोड पर मुख्य मार्ग के साथ सर्विस रोड भी दी जाएगी। यहां डिवाइडर, सीवर समेत अन्य कार्य भी किए जाने हैं। यहां 15 करोड़ अतिरिक्त खर्च कर लाइटें भी लगाई जाएंगी।

हरनंदीपुरम-एयरोसिटी के लोगों को लाभ होगा

यह रोड हरनंदीपुरम और एयरोसिटी टाउनशिप के साथ क्रिकेट स्टेडियम को जोड़ेगा। इनके पास से गुजरता हुआ एनपीआर से जुड़ेगा। इसके रास्ते दिल्ली-मेरठ रोड पर जाना आसान होगा। इससे दिल्ली से मुरादनगर, मोदीनगर जाने वाले वाहन सीधे इसी मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे।

नंद किशोर कलाल, उपाध्यक्ष, जीडीए, ''राजनगर एक्सटेंशन में आउटर रिंग रोड बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसका टेंडर निकाला गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसका निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। यह मार्ग राजनगर एक्सटेंशन की कई परियोजना से होते हुए गुजरेगा। इसका सभी को लाभ होगा।''

एलिवेटेड रोड पर रामसेतु द्वार बनाने का काम शुरू

वहीं, गाजियाबाद में एलिवेटेड रोड पर रामसेतु द्वार बनाने का काम शुरू हो गया है। नगर निगम ने एनएच-9 के पास निर्माण शुरू कराया है। यह काम दो से तीन माह में पूरा कर लिया जाएगा। एलिवेटेड रोड अब रामसेतु के नाम से जानी जाएगी। एलिवेटेड राजनगर एक्सटेंशन से शुरू होकर एनएच-9 के पास खत्म हो रही है। जीडीए ने एलिवेटेड रोड का निर्माण कराया है। यह रोड अब निगम के हस्तांतरण है। निगम रोड की मरम्मत से लेकर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करा रहा है। निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी ने बताया कि एनएच-9 पर एलिवेटेड रोड शुरू हो रही है, वहां द्वार बनाने का काम शुरू हो गया। इसके लिए ढांचा खड़ा हो गया है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें। CJP Sansad March LIVE देखें और पाएं पल-पल की ताज़ा खबरें।