दिल्ली के इन इलाकों में ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति, 2 प्रोजेक्ट को रेलवे की मंजूरी मिली
रेलवे ने दिल्ली सरकार की दो परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से उत्तर-पश्चिम दिल्ली में ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में यातायात व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और बाधारहित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

रेलवे ने दिल्ली सरकार की दो परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से उत्तर-पश्चिम दिल्ली में ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में यातायात व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और बाधारहित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
आरओबी के चौड़ीकरण को मंजूरी
दिल्ली सरकार को उत्तर-पश्चिम दिल्ली की दो महत्वपूर्ण ट्रैफिक परियोजनाओं पर बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि रेलवे ने मुकरबा चौक पर ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए हैदरपुर बादली स्थित आउटर रिंग रोड पर मौजूदा रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के चौड़ीकरण को मंजूरी प्रदान कर दी है।
एलिवेटेड लूप भी मंजूर
इसके अलावा शालीमार बाग से संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर तक रेलवे ट्रैक को पार करने वाले प्रस्तावित एलिवेटेड लूप को भी रेलवे ने स्वीकार कर लिया है। इन परियोजनाओं को लेकर दिल्ली सरकार और उत्तर रेलवे के बीच तकनीकी परीक्षण एवं पत्राचार होने के बाद यह मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है। साथ ही कहा कि ऐसी परियोजनाओं से राजधानी को विकसित दिल्ली बनाने का मार्ग और प्रशस्त होगा।
जाम की समस्या में कमी आएगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में यातायात व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और बाधारहित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तर-पश्चिम दिल्ली के ये दोनों क्षेत्र लंबे समय से भारी ट्रैफिक से प्रभावित रहे हैं, जहां प्रतिदिन हजारों यात्री एवं मालवाहक वाहन गुजरते हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जाम की समस्या में कमी आएगी तथा लोगों को तेज, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
रेलवे ने शर्त भी रखी है
मुख्यमंत्री ने बताया कि इन दोनों प्रस्तावित परियोजनाओं को लेकर पीडब्ल्यूडी ने ड्रॉइंग और तकनीकी प्रस्ताव रेलवे को भेजे थे। परीक्षण के बाद रेलवे ने दोनों परियोजनाओं को व्यवहारिक मानते हुए मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) की स्वीकृति से सैद्धांतिक एनओसी जारी की है। रेलवे ने निर्माण कार्य को निर्धारित सुरक्षा मानकों और तकनीकी निगरानी के अनुरूप संचालित करने की शर्त भी रखी है, ताकि रेल संचालन पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
प्रमुख जाम बिंदुओं पर तेजी से काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के प्रमुख जाम बिंदुओं की पहचान कर वहां स्थायी समाधान विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। मुकरबा चौक, आउटर रिंग रोड और संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र दिल्ली के सबसे व्यस्त परिवहन केंद्रों में शामिल हैं। ऐसे में इन परियोजनाओं के लागू होने से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी, यात्रा समय कम होगा और आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
डबल इंजन सरकार के फायदे
सीएम गुप्ता ने इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी मिलने पर कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से ही दिल्ली में आधारभूत संरचना और ट्रैफिक सुधार से जुड़ी परियोजनाओं को तेज गति मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित दिल्ली’ के विजन के अनुरूप राजधानी में आधुनिक, सुगम और भविष्य उन्मुख ट्रांसपोर्ट सिस्टम विकसित की जा रही है, जिससे लोगों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी और जाम मुक्त आवागमन की सुविधा सुनिश्चित हो सके।
लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraसुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।


