काम की बात: रेलवे का फरीदाबाद में नई मेमू सेवा शुरू करने का प्लान, पुरानी दिल्ली जाना होगा आसान

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
Follow us on Google News
share

फरीदाबाद में जल्द मेमू सेवा शुरू होने की उम्मीद है। इससे पुरानी दिल्ली जाना आसान होगा। इससे आवाजाही करने वाले हजारों यात्रियों को फायदा होगा। पुरानी दिल्ली-फरीदाबाद रूट पर मेमू ट्रेन सेवा के प्रस्ताव पर रेलवे बोर्ड की मंजूरी का इंतजार है।

रेलवे का फरीदाबाद में नई मेमू सेवा शुरू करने का प्लान, पुरानी दिल्ली जाना होगा आसान

रेल यात्रियों को जल्द ही एक नई गुड न्यूज मिल सकती है। फरीदाबाद में नई मेमू सेवा शुरू करने की तैयारी है। इससे फरीदाबाद से पुरानी दिल्ली जाना आसान होगा। पुरानी दिल्ली-फरीदाबाद रूट पर मेमू ट्रेन सेवा के प्रस्ताव पर रेलवे बोर्ड की मंजूरी का इंतजार है। मंजूरी मिलते ही यह सेवा शुरू कर दी जाएगी।

दिल्ली-फरीदाबाद रूट पर हर दिन हजारों यात्री करते हैं रेल यात्रा

नई मेमू सेवा शुरू होने पर दिल्ली आवाजाही करने वाले नौकरीपेशा से लेकर छात्रों और व्यापारियों तक हजारों यात्रियों को बड़ा फायदा होगा। खासकर रोजाना दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को भीड़भाड़ से राहत मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में दिल्ली और फरीदाबाद के बीच करीब पांच हजार से अधिक यात्री ट्रेनों के जरिये सफर करते हैं।

दिल्ली से फरीदाबाद तक सफर में कितना लगेगा टाइम

प्रस्ताव के अनुसार, मेमू ट्रेन हर रोज सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से रवाना होकर 11 बजकर 45 मिनट पर फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। वहीं वापसी में दोपहर 2 बजे फरीदाबाद से रवाना होकर 3 बजकर 45 मिनट पर पुरानी दिल्ली पहुंचेगी। इसके अलावा सुबह 5 बजकर 35 मिनट से दोपहर 12 बजकर 12 मिनट के बीच भी इस रूट पर मेमू सेवा संचालित करने की योजना है।

रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि मेमू ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड के विचाराधीन है। बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद ट्रेन सेवा शुरू कर दी जाएगी।

दिल्ली-फरीदाबाद रूट पर चल रहीं 14 ईएमयू ट्रेन

बता दें कि, कोरोना काल से पहले फरीदाबाद से दिल्ली के बीच 23 ईएमयू ट्रेन चलती थीं। इससे करीब 50 हजार लोग ईएमयू ट्रेन के जरिये दिल्ली आते-जाते थे, लेकिन कोरोना काल में ईएमयू ट्रेन सेवा बंद कर दी गई थी। इसके बाद धीरे-धीरे ईएमयू ट्रेन सेवा फिर से शुरू हुईं, लेकिन अभी तक सभी ट्रेन शुरू नहीं हुई हैं। स्थानीय रेल यात्री सभी ईएमयू गाड़ियों को दोबारा से शुरू करने की मांग कर रहे हैं। मौजूदा समय में दिल्ली-फरीदाबाद रूट पर 14 ईएमयू ट्रेन चल रही हैं।

व्यापारियों को भी लाभ होगा

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह सेवा शुरू होने से दिल्ली से सामान खरीदने जाने वाले व्यापारियों को भी सुविधा मिलेगी। सदर बाजार जाने वाले लोगों को इस ट्रेन सेवा का खासा फायदा होगा। इस वजह से व्यापारियों को इस ट्रेन सवा का शुरू होने का इंतजार है। वहीं, दिल्ली जाने वाले विद्यार्थियों को भी कम किराए और आसान सफर का लाभ मिलेगा।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।