राहुल को नहीं पता था कि मैं आऊंगा; 'छात्रों की गूंज' में PM की नकल करने वाले कॉमेडियन ने बताया उस दिन क्या हुआ था
अपनी एक मिनट की प्रस्तुति में पुलकित ने पीएम मोदी की बीते दिनों हुई एक रैली में बुजुर्ग महिला को कुर्सी देने वाली घटना को लेकर भी उनकी नकल उतारी थी।
मध्य प्रदेश के इंदौर में पिछले महीने हुए राहुल गांधी के युवा संवाद कार्यक्रम ’छात्रों की गूंज' में प्रधानमंत्री मोदी की मिमिक्री करने वाले कॉमेडियन पुलकित मणि का कहना है कि उस दिन मंच पर मेरा जाना नेता प्रतिपक्ष के लिए एक सरप्राइज था। मणि का दावा है कि गांधी को तो इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि उनके कार्यक्रम के दौरान ऐसा कोई एक्ट होने वाला है। इसकी वजह बताते हुए मणि ने कहा कि राहुल गांधी की टीम के सदस्य मेरे स्टेज पर पहुंचने के बाद राहुल गांधी की स्वभाविक प्रतिक्रिया देखना चाहते थे। मणि ने ये बातें एक यूट्यूब कार्यक्रम में चर्चा के दौरान कहीं।
इस बातचीत के दौरान स्टैंडअप कॉमेडियन ने बताया कि 'राहुल को नहीं पता था कि एक स्लाइड शो के बीच में मैं आऊंगा। उनके जो सोशल मीडिया वाले हैं, उन्होंने कहा कि हम राहुल सर की बिल्कुल असली प्रतिक्रिया देखना चाहते हैं। हमें राहुल सर से जेनुइन रिएक्शन चाहिए। उन्होंने मुझसे कहा आपके पास एक मिनट है और हम आपको Q (वहां जाने का इशारा) देंगे। हम आपको कंधे पर थपथपाएंगे और तब आपको जाना है और एक मिनट बाद हम आपको एक सिग्नल दे देंगे तब आपको स्टेज पर उतरना है।'
'राहुल के चेहरे पर बिल्कुल असली असहजता थी'
मणि ने आगे कहा, 'हमारे पास कुछ स्क्रिप्ट वगैरह नहीं थी। उन्होंने बोला जाओ, और मैं चला गया। और क्योंकि राहुल गांधी को नहीं पता था, कि ऐसा कुछ होने वाला है, तो उनका जो शॉकिंग रिएक्शन आप देख रहे हो ना, उनके चेहरे पर जो कूललेसनेस दिखी, वो बिल्कुल असली थी और वो सच में ऐसे ही देख रहे थे।' मणि ने कहा, 'वो शायद अपने कमांडो को फायर करने के लिए देख रहे थे कि भाई ये क्या कर दिया। वो उनका एक्चुअल रिएक्शन था। वो एक्चुअली अपनी टीम की तरफ देख रहे थे, कि ये क्या हो रहा है।'
'30 सेकेंड कंफ्यूज रहे, 30 सेकेंड एन्जॉय किया'
इसके आगे पुलकित मणि का इंटरव्यू ले रहा एक शख्स बोलता है, 'फिल्म जाने भी दो यारों फिल्म का क्लाइमैक्स याद आ गया, जिसमें ओमपुरी आ जाते हैं दुर्योधन बनकर।' इसी बीच एक अन्य शख्स कहता है, उस एक मिनट में राहुल गांधी 30 सेकेंड कन्फ्यूज रहे और 30 सेकेंड उन्होंने एन्जॉय किया।
'उन्होंने मुझे रोका और अपनी टीम की तरफ देखा'
इसी बीच पुलकित मणि कहते हैं, 'हां वो उनके सारे एक्सप्रेशन्स जेनुइन हैं। जब उन्होंने मेरी गर्दन पर हाथ रखकर मुझे रोक रखा था, तब वह अपनी टीम की ओर देख रहे थे, वो यही पूछने की कोशिश कर रहे थे कि ये क्या है। फिर जब मैंने हग कर दिया, माय फ्रेंड और ग्रेट हैरासमेंट बोलकर तब उन्हें समझ आया कि अच्छा ये वो (मोदी) हैं। वरना उनको नहीं पता था कि ऐसा कुछ होने वाला है और क्यू तो तीन बार मिस हुए थे, जिस स्लाइड शो के बाद मुझे आना था, उसके बाद दो स्लाइड और चल गई थीं।'
प्रधानमंत्री की नकल उतारते हुए की थीं ये हरकतें
बता दें कि 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित राहुल गांधी के युवा संवाद कार्यक्रम 'छात्रों की गूंज' में पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री (नकल) की थी। इस प्रस्तुति के दौरान मणि हंसते हुए मंच पर आए थे और गांधी को गले लगाते हुए कहा था, 'मेरे दोस्त, कैसे हैं आप?' इस पर गांधी ने जवाब दिया था, 'मैं ठीक हूं, आप कैसे हैं, मोदी जी?' तब मणि ने जवाब दिया, 'ग्रेट हरासमेंट।' इसके बाद मणि 'माय फ्रेंड' कहते हुए लगातार हंसते रहे। आगे गांधी ने कहा था, 'आपसे मिलकर बहुत अच्छा लगा।' उन्होंने मणि से कहा था, 'मुझे और बताइए।'
बुजुर्ग को कुर्सी देने वाली घटना का भी उड़ाया था मजाक
इस 1 मिनट की प्रस्तुति में पुलकित ने पीएम मोदी की बीते दिनों हुई एक रैली में बुजुर्ग महिला को कुर्सी देने वाली घटना को लेकर भी उनकी नकल उतारी थी। कॉमेडियन हंसते हुए गांधी को गले लगाते रहे और फिर दर्शकों की ओर इशारा करते हुए बोले, 'मां को कुर्सी दो, मां।' भाजपा ने इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की नकल करने को उनका अपमान बताया था, और वह राहुल गांधी पर बुरी तरह भड़क गई थी। वहीं कांग्रेस ने इस प्रस्तुति का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए इसे व्यंग्य/नकल करार देते हुए इसका बचाव किया था।
कंटेट क्रिएटर भी हैं पुलकित
बता दें कि पुलकिण मणि स्टैण्डअप कॉमेडी के अलावा सोशल मीडिया कंटेट क्रिएटर भी हैं। वे मिमिक्री के अलावा राजनीतिक व्यंग्य और करेंट अफेयर्स पर कटाक्ष करने वाले वीडियो भी बनाते हैं। इंस्टाग्राम पर वे @hunnywhoisfunny हैंडल से एक्टिव हैं। उनके वीडियो को देखने से पता चलता है कि वे ऐसे कॉमेडियन हैं जो कि अक्सर अपने कंटेट में राजनीतिक हस्तियों और मशहूर लोगों को शामिल करते हैं।

