'हमेशा याद रखूंगा', सुबह-सुबह पीएम मोदी से मिले राघव चड्ढा; दिया खास तोहफा

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

आम आदमी पार्टी को छोड़कर हाल ही में BJP में आए राघव चड्ढा ने आज सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई अपनी मुलाकात को जीवनभर के लिए यादगार बताया है। उन्होंने 'एक्स' पर इसके फोटो शेयर किए हैं। हालांकि, इस मुलाकात के दौरान क्या बात हुई अभी साफ नहीं है।

 Raghav Chadha meets PM Narendra Modi
आम आदमी पार्टी को छोड़कर हाल ही में भाजपा में आए राघव चड्ढा ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शनिवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। उन्होंने इस मुलाकात को हमेशा के लिए सुखद यादगार बताया है। पीएम संग अपनी मुलाकात के फोटो उन्होंने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इसकी जानकारी साझा की है। राघव चड्ढा आम आदमी पार्टी को छोड़कर हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हैं।

राघव चड्ढा ने पोस्ट में लिखा, “एक ऐसी सुबह जिसे मैं हमेशा याद रखूंगा। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से मिलने का सौभाग्य मिला। उनके साथ विस्तार से और ज्ञानवर्धक बातचीत हुई। अपना कीमती समय देने और उनके विचारों व मार्गदर्शन से लाभ उठाने का अवसर देने के लिए मैं उनका बहुत आभारी हूं।”

पीएम को भेंट की भगवान गणेश की प्रतिमा

राघव चड्ढा द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में से एक में वह प्रधानमंत्री को भगवान गणेश की एक प्रतिमा भेंट करते हुए नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों में प्रधानमंत्री से संग उनकी इस मुलाकात के दौरान कोई और उनके साथ दिखाई नहीं देख रहा है। हालांकि, इस मुलाकात का मकसद या एजेंडा भी अभी साफ नहीं है।

PM ने 3 दिन पहले भाजपा सांसदों से नाश्ते पर की थी बैठक

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने 5 अगस्त को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पार्टी में हाल में शामिल हुए 'आप' के कुछ पूर्व नेताओं समेत 37 पार्टी सांसदों के साथ सुबह के नाश्ते पर बैठक की थी। इस बैठक में नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ और विनोद तावडे के साथ ही पूर्व 'आप' नेता स्वाति मालीवाल, राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक और विक्रमजीत सिंह साहनी भी शामिल हुए थे।

पीएम ने बैठक में इस बात पर जोर दिया कि संसद में बिना किसी अवरोध के सुचारू तरीके से कामकाज होना चाहिए। इस दौरान मोदी ने सार्वजनिक जीवन के अपने अनुभव साझा किए और इस बारे में मार्गदर्शन किया कि सांसदों को संसद को कितनी गंभीरता से लेना चाहिए। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री ने सांसदों से यह भी कहा कि वे रोजाना कम से कम एक या दो घंटे संसद की लाइब्रेरी में बिताएं। इसके अलावा, उन्होंने सांसदों को युवाओं से जुड़ने और अपने संसदीय क्षेत्रों में युवाओं व खेल गतिविधियों पर ध्यान देते हुए सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीलैड्स) को सक्रिय रूप से लागू करने के लिए प्रोत्साहित किया था।

बता दें कि, इसी साल 24 अप्रैल को आम आदमी पार्टी को उस समय बड़ा झटका लगा था जब उसके 10 राज्यसभा सदस्यों में से सात ने पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। इन सांसदों में राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रमजीत सहनी और स्वाति मालीवाल शामिल हैं।

भाषा के इनपुट के साथ

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर News'हमेशा याद रखूंगा', सुबह-सुबह पीएम मोदी से मिले राघव चड्ढा; दिया खास तोहफा