राघव चड्ढा का BJP की नई टीम में नहीं नाम, तय हो चुका है बड़ा इनाम?
राघव चड्ढा के साथ आम आदमी पार्टी में बड़ी टूट करके भाजपा में शामिल हुए संदीप पाठक को संगठन में जिम्मेदारी मिल चुकी है। अब अटकलें हैं कि राघव चड्ढा को केंद्रीय कैबिनेट में जगह मिल सकती है।

चंद महीनों पहले आम आदमी पार्टी (आप) में अब तक की सबसे बड़ी टूट को अंजाम देने वाले नेताओं को क्या अब बगावत का इनाम मिलना शुरू हो गया है? अरविंद केजरीवाल की पार्टी में भूजाल लाने वाले सात राज्यसभा सांसदों में सबसे पहले संदीप पाठक को भाजपा ने बड़ा पद दिया है। इसके साथ ही अब राघव चड्ढा को भी जल्द बड़ा इनाम मिलने की अटकलें तेज हो गईं। चर्चा पहले से ही थी कि राघव चड्ढा को युवा चेहरे के रूप में केंद्रीय कैबिनेट में जगह मिल सकती है। अब जब संगठन में करीब तीन दर्जन नेताओं की नियुक्ति में चड्ढा का नाम नहीं दिखा तो इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि कैबिनेट में उनकी जगह पक्की हो सकती है।
केंद्रीय मंत्री और आरपीआई(ए) प्रमुख रामदास आठवले ने सोमवार को कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल 'बहुत जल्द' हो सकता है। माना जा रहा है कि इस फेरबदल में ऐसे कुछ नेताओं को भी इनाम मिल सकता है जो दूसरी दलों से बड़ी संख्या में सांसदों को तोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं या एनडीए का हिस्सा बन चुके हैं।
लंबे समय से 'आप' में कड़वाहट के बाद अपने साथ सात राज्यसभा सांसदों को भाजपा में लाने वाले राघव चड्ढा की दावेदारी सबसे मजबूत मानी जा रही है। पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट राघव चड्ढा साफ-सुथरी छवि के तेज तर्रार नेताओं में गिने जाते हैं। हिंदी और इंग्लिश में समान रूप से अपनी बात को प्रभावी ठंग से रखने वाले चड्ढा ने राज्यसभा में पिछले कुछ सालों में जिस तरह युवाओं और कामगारों के मुद्दे उठाए उससे वह जेन जी के बीच काफी चर्चित रहे हैं।
संदीप पाठक को AAP के बाद भाजपा में भी संगठन का अहम जिम्मा
कैंब्रिज और ऑक्सफोर्ड जैसी यूनिवर्सिटी से पढ़ाई के बाद आईआईटी दिल्ली में असिस्टेंट प्रोफेसर रह चुके संदीप पाठक एक अच्छे संगठनकर्ता भी हैं। उनकी इसी गुण को पहचानकर अरविंद केजरीवाल ने 'आप' में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी थी। पार्टी ने उन्हें संगठन महासचिव का पदवी दिया था। वह अरविंद केजरीवाल की पार्टी को पंजाब में बड़ी सफलता दिलाने के बाद से देशभर में विस्तार योजना पर काम कर रहे थे। अब भाजपा ने भी उनके इस कौशल का फायदा उठाने के लिए राष्ट्रीय मंत्री का पद दिया है। माना जा रहा है कि पाठक को संगठन में जिम्मेदारी मिलने से पार्टी को पंजाब जैसे राज्यों में फायदा मिल सकता है, जहां काम करने का उनके पास अच्छा अनुभव है और जल्द ही वहां चुनाव होने जा रहे हैं।
राष्ट्रीय मंत्री बनकर क्या बोले संदीप पाठक
संदीप पाठक ने राष्ट्रीय मंत्री बनाए जाने पर पार्टी नेतृत्व का आभार जताया और पूरी ईमानदारी से संगठन की मजबूती के लिए काम करने की बात कही। उन्होंने लिखा, 'भारतीय जनता पार्टी द्वारा मुझे राष्ट्रीय मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण दायित्व प्रदान करने के लिए मैं शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी, माननीय केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह जी और माननीय राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष जी का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार। पार्टी ने जो विश्वास और जिम्मेदारी मुझे सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ निभाते हुए संगठन को और मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करता रहूंगा।'


