CM रेखा गुप्ता की चेतावनी के बाद ऐक्शन में PWD, सर्दियों में लोगों को धूल से बचाने के लिए बनाया यह खास प्लान
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हाल ही में एक बैठक में लक्ष्य पूरा न करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी थी, साथ ही कहा था कि धूल नियंत्रण के नियम केवल सर्दियों के मौसम तक ही सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि गर्मियों के मौसम में भी लागू होने चाहिए।

सर्दियों के मौसम में राजधानी की सड़कों पर धूल से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (PWD) ने खास प्लान बनाया है, और इसके तहत विभाग 200 एंटी-स्मॉग गन वाले ट्रक किराए पर लेने की योजना बना रहा है। विभाग यह कदम मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से हाल ही में मिली उस चेतावनी के बाद उठाने जा रहा है, जिसके तहत उन्होंने सर्दियों के मौसम से पहले निगरानी को मजबूत करने के लिए कहा था। अधिकारियों ने बताया कि वायु प्रदूषण को कम करने के उपायों के तहत निर्माण स्थलों और अन्य क्षेत्रों में भी एंटी-स्मॉग गन तैनात की जाएंगी।
इस बारे में जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने बताया कि PWD अपने 1,400 किलोमीटर लंबे सड़क नेटवर्क पर गहरी सफाई और धूल नियंत्रण के लिए एक विशेष अभियान शुरू करने की योजना बना रहा है। इसके तहत वह एंटी-स्मॉग गन वाले ट्रक किराए पर लेगा। आगे उन्होंने बताया कि, ‘एंटी-स्मॉग गन में कम से कम 7,000 लीटर क्षमता वाला पानी का टैंकर होगा, साथ ही आगे और पीछे कैमरे भी लगे होंगे। इसके अलावा पानी को छोटी-छोटी फुहारों (बूंदों) में बदलने के लिए एंटी-स्मॉग गन में 24 स्टेनलेस स्टील नोजल होने जरूरी रहेंगे।’
अधिकारी ने कहा कि 'एंटी-स्मॉग गन उपलब्ध कराने वाली कंपनी एक ड्राइवर, ऑपरेटर और हेल्पर भी देगी और PWD इन मशीनों को प्रति घंटे के आधार पर लेगा।' आगे उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है।
टेंडर नोटिस के अनुसार, स्मॉग गन की क्षमता होरिजोंटली (क्षैतिज रूप से) कम से कम 50 मीटर तक पानी फेंकने की होनी चाहिए, साथ ही उनमें होरिजोंटली 330 डिग्री घूमने और वर्टिकली 60 डिग्री तक झुकने की क्षमता होनी चाहिए। इसके अलावा पानी की बूंदों का आकार 10 से 30 माइक्रोन के बीच होना चाहिए।
दरअसल एंटी-स्मॉग गन हवा में मौजूद धूल और अन्य कणों को नीचे बैठाने के लिए पानी की बारीक फुहार छोड़ती है। पानी के टैंक वाले वाहन पर लगी यह गन धूल के कणों और PM 2.5 को नीचे बैठाने के लिए 50 मीटर की ऊंचाई तक पानी का छिड़काव कर सकती है।
अधिकारी ने कहा, 'इन दो सौ एंटी-स्मॉग गन के जरिए रोजाना कम से कम 200 मीटर सड़क की गहरी सफाई की जाएगी। इन गतिविधियों में सड़क के इलाकों से धूल हटाना, कर्ब चैनल और बेल माउथ की सफाई, मलबा हटाना और दिल्ली नगर निगम के साथ तालमेल बिठाना शामिल है।'
विभाग ने यह कदम मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उस नसीहत के बाद उठाया, जिसके तहत उन्होंने एक उच्च-स्तरीय बैठक में चेतावनी दी थी कि लक्ष्य पूरा न करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया था कि धूल नियंत्रण के नियम केवल सर्दियों के मौसम तक ही सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि गर्मियों के मौसम में भी लागू होने चाहिए।

