काम की बात: उत्तर दिल्ली से शाहदरा तक 175 सड़कें होंगी सुंदर, जानें आपके इलाके की कितनी सड़कें सुधरेंगी

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

दिल्ली की सड़कों की सूरत जल्द बदलने वाली है। पीडब्ल्यूडी ने शहर की 175 सड़कों के पुनर्निर्माण और सुदृढ़ीकरण के लिए 370 करोड़ रुपये का फंड स्वीकृत कर दिया है। चरणबद्ध तरीके से अगले छह माह में इन सभी सड़कों को नया रूप दे दिया जाएगा। 

उत्तर दिल्ली से शाहदरा तक 175 सड़कें होंगी सुंदर, जानें आपके इलाके की कितनी सड़कें सुधरेंगी

दिल्ली की सड़कों की सूरत जल्द बदलने वाली है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने शहर की 175 सड़कों के पुनर्निर्माण और सुदृढ़ीकरण के लिए 370 करोड़ रुपये का फंड स्वीकृत कर दिया है। इसके साथ ही टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। चरणबद्ध तरीके से अगले छह माह में इन सभी सड़कों को नया रूप दे दिया जाएगा। इनके बनने पर लोगों को आवाजाही में सुविधा होगी।

पीडब्ल्यूडी के अधिकारी ने बताया कि सड़कों की कायाकल्प परियोजना में दक्षिणी, पश्चिमी, उत्तर पश्चिमी, नई दिल्ली, मध्य दिल्ली, शाहदरा, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र की 142 किलोमीटर की मुख्य रोड व एप्रोच रोड को शामिल किया गया है। ये सड़कें जर्जर और क्षतिग्रस्त हैं। इनका पुनर्निर्माण किया जाएगा। लंबे समय से इन सड़कों की हालत खराब होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस परियोजना के पूरा होने के बाद लोगों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जाएगी और तय समय सीमा में काम पूरा न होने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अक्षरधाम फ्लाईओवर लूप होगा दुरुस्त

पूर्वी दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर के सामने फ्लाईओवर का लूप दुरुस्त किया जाएगा। इस लूप से वाहन चालक एनएच-नौ से मयूर विहार, नोएडा जाने के लिए चढ़ते हैं। इसमें कई जगह गड्ढे हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने इसे दुरुस्त करने की पहल की है।

उत्तरी दिल्ली में सबसे ज्यादा सड़कें चिह्नित

पीडब्ल्यूडी ने राजधानी के कई सड़कों को इसके लिए चिह्नित किया है। इसके तहत पश्चिमी दिल्ली इलाके की 48 सड़कें, उत्तर पश्चिमी दिल्ली में 66 सड़कें, नई और मध्य दिल्ली में 19 सड़कों, दक्षिणी दिल्ली में 25, शाहदरा में 8 सड़कें, पूर्वी दिल्ली में 6 सड़कें, उत्तर-पूर्वी दिल्ली की तीन सड़कों का कायाकल्प होगा। इससे लोगों को आवाजाही में सहूलियत होगी और कम समय लगेगा।

विकास मार्ग पर बच रहा वाहन चालकों का समय

वहीं, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पूर्वी दिल्ली के सबसे व्यस्त विकास मार्ग पर यातायात सुगम बनाने के लिए व्यवस्था में बदलाव किया है। साथ ही अनुचित पार्किंग करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है। पुलिस का दावा है कि दोनों तरह के प्रयासों से अब 20 मिनट का सफर 14 मिनट का रह गया है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर (ट्रैफिक) विजयंता गोयल आर्या ने बताया कि कार्रवाई के अलावा यातायात को सुगम बनाने के लिए विकास मार्ग और मास्टरप्लान रोड पर कई अहम बदलाव किए गए हैं। लक्ष्मी नगर चौराहे को सिग्नल-फ्री बना दिया गया है, जिससे रुकावट खत्म हुई है। कड़कड़ी मोड़ जंक्शन को फ्लाईओवर और अंडरपास के जरिए फ्री-फ्लो ट्रैफिक के लिए नए सिरे से डिजाइन किया जा रहा है। मास्टरप्लान रोड पर कड़कड़ी मोड़ से प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है, ताकि गलत दिशा में वाहन चलाने पर रोक लग सके। विकास मार्ग पर तय यू-टर्न से ही सड़कों पर जाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि अनुचित पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई करते हुए बीते दो सप्ताह में 198 वाहन टो किए गए और 200 वाहन क्लैंप किए गए। इस वर्ष अब तक 11 हजार चालान किए गए हैं।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।