दिल्ली में आगे बढ़ी संपत्ति कर जमा करने की आखिरी तारीख, जानिए कब तक उठा सकेंगे 'सूनियो' का फायदा

Sourabh Jain हिन्दुस्तान टीम, नई दिल्ली
share

दिल्ली नगर निगम ने भी सभी बकायेदार करदाताओं से अपील की है कि वे सूनियो योजना का लाभ उठाते हुए अपने सभी संपत्ति कर बकाया का निपटान करें। साथ ही हिदायत देते हुए कहा है कि योजना अवधि समाप्त होने के बाद  कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली में आगे बढ़ी संपत्ति कर जमा करने की आखिरी तारीख, जानिए कब तक उठा सकेंगे 'सूनियो' का फायदा

दिल्ली नगर निगम ने संपत्ति कर (प्रॉपर्टी टैक्स) जमा करने की अंतिम तिथि को महीनेभर के लिए बढ़ा दिया है। महापौर राजा इकबाल सिंह ने मंगलवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि संपत्ति कर माफी योजना (सूनियो) की आखिरी तारीख 30 अप्रैल, 2026 तक बढ़ा दी गई है। इस दौरान उन्होंने सभी संपत्ति करदाताओं से आग्रह किया कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए सूनियो योजना के तहत अपने बकाया कर का निपटान कर दें।

जनहित को देखते हुए बढ़ाई आखिरी तारीख

महापौर ने कहा नागरिकों से प्राप्त सकारात्मक प्रतिक्रिया और सराहना को देखते हुए संपत्ति कर माफी योजना 2025-26, संपत्ति कर निपटान योजना (सूनियो) को 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया है। सूनियो योजना के तहत करदाता वित्तीय वर्ष 2020-21 से पूर्व की अवधि के संपत्ति कर, ब्याज एवं जुर्माने पर पूरी छूट प्राप्त कर सकते हैं। बशर्ते वे वर्तमान वर्ष 2025-26 और पिछले पांच वित्तीय वर्षों 2020-21 से 2024-25 के लिए मूल संपत्ति कर राशि का भुगतान बिना किसी ब्याज एवं जुर्माने के करें।

बकायेदारों के लिए बताया सुनहरा मौका

इकबाल सिंह ने कहा कि हम सभी संपत्ति मालिकों से अपील करते हैं कि वे इस सुनहरे अवसर का पूरा लाभ उठाएं और बिना किसी जुर्माना या ब्याज के अपने बकाया संपत्ति कर का निपटान करें। यह योजना 30 अप्रैल, 2026 के बाद आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। महापौर ने बताया कि इस योजना को जनहित में 30 अप्रैल, 2026 तक बढ़ाया गया है।

विलंब शुल्क में भी नहीं की गई कोई वृद्धि

महापौर ने बताया कि नागरिक सक्रिय रूप से इस टैक्स माफी योजना में भाग ले रहे हैं और सूनियो योजना का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने कहा, 'हमने विलंब शुल्क (लेट फीस) में कोई वृद्धि नहीं की है और इसे फरवरी एवं मार्च माह की विस्तारित अवधि के दौरान, अर्थात 01.02.2026 से 31.03.2026 तक लागू 5% के समान ही रखा गया है।'

बकाया ना जमा करने वालों को दी कड़ी चेतावनी

इस दौरान दिल्ली नगर निगम ने भी अपने सभी बकायेदार करदाताओं से अपील की है कि वे सूनियो योजना का लाभ उठाते हुए अपने सभी संपत्ति कर बकाया/देयताओं का निपटान करें। योजना अवधि समाप्त होने के बाद, जो भी करदाता अपना संपत्ति कर जमा नहीं करेंगे या रिटर्न दाखिल नहीं करेंगे, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी निगम ने दी है।

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।