उधार के पैसे नहीं लौटाए तो घर से बुलाकर गोली मारी, दिल्ली में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या
देवेंद्र ने आरोपी से पैसे उधार लिए थे। आरोपी कई बार रुपए वापस मांग चुका था, लेकिन देवेंद्र रकम नहीं लौटा रहे थे, इसी के चलते आरोपी ने ये खौफनाक साजिश रची।

राजन शर्मा
दिल्ली के तिगड़ी के देवली एक्सटेंशन में उधार के पैसे नहीं लौटाने पर एक 48 साल के प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि रुपए वापस मांगने के बावजूद रकम नहीं मिलने से नाराज आरोपी ने गुरुवार देर रात देवेंद्र गुप्ता को घर से बाहर बुलाया और उनके सिर में गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, देवेंद्र गुप्ता तिगड़ी एक्सटेंशन में परिवार के साथ रहते थे। वह चक्की की दुकान चलाने के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करते थे। परिवार में पत्नी और तीन बेटियां हैं। गुरुवार देर रात देवेंद्र को उनके एक परिचित ने घर से बाहर बुलाया था। इसके बाद देवली एक्सटेंशन में उनके सिर में गोली मार दी गई। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बार-बार मांग रहा था उधार के रुपए
शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि देवेंद्र और आरोपी के बीच रुपए का लेनदेन था। पुलिस के अनुसार, देवेंद्र ने आरोपी से पैसे उधार लिए थे। आरोपी कई बार रुपए वापस मांग चुका था, लेकिन देवेंद्र रकम नहीं लौटा रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस को आशंका है कि इसी रंजिश में आरोपी ने उन्हें घर से बुलाकर गोली मार दी।
टीम ने कुछ घंटों में दबोचा
हत्या की सूचना मिलते ही तिगड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसीपी अमलेश्वर राय और एसएचओ शिव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई गई। टीम ने तकनीकी जांच और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।


