राहुल गांधी को शादी के लिए तुम ही मनाओ; मोहम्मद इरफान से फोन पर क्या बोली प्रियंका
सीजेपी आंदोलन में वायरल सनसनी मोहम्मद इरफान के घर जब राहुल गांधी आए तो उन्होंने अपनी बहन प्रियंका गांधी की इरफान से फोन पर बात कराई। प्रियंका ने इरफान से राहुल की शादी का जिक्र किया और कहा कि वो उनकी सुनते नहीं।

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) आंदोलन से चर्चा में आए मोहम्मद इरफान सोशल मीडिया की नई सनसनी है। आंदोलन के दौरान इंटरव्यू में उन्होंने बेबाकी से अपनी बातें रखी और संविधान के प्रति उनकी समझ और पकड़ बुद्धिजीवियों को हैरान कर गईं। सोमवार को जब राहुल गांधी उनसे मिलने घर पहुंचे तो हजारों लोगों का ध्यान उनकी तरफ खींचा। राहुल गांधी ने इरफान से अपनी बहन प्रियंका गांधी की फोन पर बातचीत भी कराई। बातचीत में प्रियंका ने इरफान से मजाकिया अंदाज में कहा कि वो राहुल को समझाए कि शादी कर ले।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का राहुल गांधी की शादी को लेकर बातचीत का खुलासा खुद मोहम्मद इरफान ने किया है। इरफान ने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा कि जब राहुल गांधी उनसे मिलने घर आए थे तो उन्होंने अपनी बहन प्रियंका से उनकी फोन पर बात कराई। उस बातचीत को याद करते हुए इरफान ने बताया कि प्रियंका ने मजाक में उनसे राहुल गांधी को शादी के लिए मनाने को कहा था, साथ ही यह भी कहा था कि उनका भाई उनकी बात नहीं सुनता।
इरफान ने क्या जवाब दिया
उस मजेदार बातचीत का जिक्र करते हुए इरफान कहते हैं, "मैंने उनसे कहा कि मुझे उम्मीद है कि राहुल गांधी शादी नहीं करेंगे।" बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने लोकतंत्र, संविधान, श्रमिकों के अधिकारों और सम्मानजनक आजीविका की आवश्यकता पर इरफान के विचार सुने। उन्होंने इरफान और उनके परिवार को संसद आने का निमंत्रण भी दिया।
राहुल गांधी से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि उनकी कोई व्यक्तिगत मांग नहीं है और इसके बजाय उन्होंने कांग्रेस नेता से मजदूरों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों द्वारा सामना किए जाने वाले मुद्दों को उजागर करना जारी रखने का आग्रह किया।
सीजेपी आंदोलन से चर्चा में आए इरफान
सीजेपी आंदोलन के दौरान जंतर-मंतर से इरफान का इंटरव्यू सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। इसके बाद सोमवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इरफान के घर का दौरा किया। इरफान दिहाड़ी मजदूरी करते हैं और कभी स्कूल नहीं गए। दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी के विरोध प्रदर्शन के दौरान उनकी कही बातें काफी पसंद की जा रही हैं।
झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले इरफान
35 साल के इरफान बर्फ बेचकर अपना जीवन यापन करते हैं और सावदा जेजे कॉलोनी में एक अधूरे बने मकान में अपने पिता के साथ रहते हैं। इरफान का कहना है कि उन्होंने गूगल वॉइस सर्च और यूट्यूब वीडियो के जरिए संविधान, लोकतंत्र और श्रम अधिकारों के बारे में खुद को शिक्षित किया।


