प्रधानमंत्री मोदी ने किया दिल्ली मेट्रो में सफर, बच्चों पर प्यार लुटाते, उन्हें समझाते और बातचीत करते आए नजर
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री के रूप में SRCC का यह उनका पहला दौरा है, हालांकि कुल मिलाकर यह उनका दूसरा दौरा है, क्योंकि 13 साल पहले साल 2013 में वे गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में इस कॉलेज में पहुंचे थे।
दिल्ली मेट्रो में सफर करने वाले लोगों को शनिवार शाम को उस वक्त सुखद आश्चर्य हुआ, जब उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने बीच ट्रेन में यात्रा करते हुए देखा। इस दौरान उन्होंने ट्रेन में यात्रा कर रहे लोगों खासकर बच्चों और महिलाओं से बातचीत भी की। इस यात्रा के जो वीडियो सामने आए हैं, उसमें मेट्रो में प्रधानमंत्री मोदी के आसपास बहुत से बच्चे बैठे हुए नजर आ रहे हैं और वह उनसे बात करते और उन्हें कुछ समझाते दिख रहे हैं। दरअसल प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली मेट्रो की यह यात्रा उस वक्त की जब वो डीयू के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
प्रधानमंत्री की मेट्रो यात्रा की जो तस्वीरें सामने आई हैं, उसमें वे यात्रियों के बीच बेहद सहज नजर आ रहे हैं, वहीं पीएम को अपने बीच पाकर ट्रेन में सफर कर रहे यात्री बेहद खुश नजर आए। अपनी इस यात्रा में प्रधानमंत्री ने यात्रियों से बातचीत भी की और खासकर बच्चों के प्रति विशेष स्नेह दिखाया। इस दौरान पीएम ने कई बच्चों को अपने पास बैठने का मौका दिया और उनसे हंसी-मजाक करते हुए कई सवाल-जवाब दिए। साथ ही उन्होंने ट्रेन में सफर कर रही महिलाओं से भी बात की।
कार्यक्रम के बारे में सोशल मीडिया पर दी थी जानकारी
प्रधानमंत्री मोदी ने इस कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए शनिवार शाम को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें उन्होंने बताया था, 'कुछ ही देर में, शाम सात बजे, मैं दिल्ली विश्वविद्यालय के मशहूर श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के शताब्दी समारोह में शामिल होने के लिए वहां पहुंचूंगा। इस महाविद्यालय ने बरसों से अपनी अलग पहचान बनाई है। यह शैक्षणिक उत्कृष्टता, संस्थान निर्माण और कारोबार, सार्वजनिक जीवन तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व की नई पीढ़ियों को तैयार करने के लिए जाना जाता है।'
दूसरी बार SRCC आए मोदी
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स भारत के प्रमुख उच्च शिक्षा संस्थानों में से एक है और वाणिज्य, अर्थशास्त्र तथा प्रबंधन के क्षेत्र में शिक्षा का एक प्रमुख केंद्र है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री के रूप में SRCC का यह उनका पहला दौरा है, हालांकि कुल मिलाकर यह उनका दूसरा दौरा है, क्योंकि 13 साल पहले साल 2013 में वे गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में इस कॉलेज में पहुंचे थे।

