दिल्ली में प्रेग्नेंट महिला की चौथी मंजिल से गिरकर मौत, 3 महीने पहले की थी लव मैरिज; परिवार ने बताया दहेज हत्या

नई दिल्ली, भाषा
Follow us on Google News
share

राजधानी दिल्ली के मुस्तफाबाद में 25 वर्षीय एक महिला की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। मृतक महिला प्रेग्नेंट और 3 महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी।

दिल्ली में प्रेग्नेंट महिला की चौथी मंजिल से गिरकर मौत, 3 महीने पहले की थी लव मैरिज; परिवार ने बताया दहेज हत्या

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद में एक नवविवाहित प्रेग्नेंट महिला की उसके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। मृतका की पहचान 25 वर्षीय समीना के रूप में हुई है। तीन महीने पहले ही उसने लव मैरिज की थी। महिला के परिवार ने उसके पति और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार को हुई। महिला को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिला ने करीब 3 महीने पहले अपनी पसंद के व्यक्ति से शादी की थी। हालांकि, उसके परिवार का आरोप है कि शादी के एक महीने के भीतर ही पति और उसके परिवार ने सोने और नकदी की मांग शुरू कर दी और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।

बहन बोली- 3-4 दिन से चलर रही थी अनबन

मृतका की बहन ने बताया, “वह चौथी मंजिल से गिर गई है। पिछले तीन-चार दिनों से वहां काफी अनबन चल रही थी। मेरा भाई, मां और अन्य रिश्तेदार मामले को सुलझाने के लिए वहां गए थे।”

महिला की मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी ने बार-बार अपने ससुराल में प्रताड़ना की शिकायत की थी और उसे अपनी जान का खतरा था।

शोकाकुल मां ने कहा कि मैं उससे मिलने गई थी जहां उसने बताया कि उसे प्रताड़ित किया जा रहा है। उसने मुझसे कहा था कि वे उसे मार डालेंगे। वह प्रेग्नेंट भी थी। हम अपनी बेटी के लिए न्याय चाहते हैं। परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर लगातार हो रहे उत्पीड़न के कारण महिला पिछले कुछ हफ्तों से काफी तनाव में थी।

एक पुलिस अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “मामले की जांच की जा रही है और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

पुलिस को अस्पताल से मिली सूचना : डीसीपी

डीसीपी (उत्तर-पूर्वी जिला) राहुल अलवाल ने एएनआई को बताया, "25 मई की शाम को, दयालपुर थाने को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल से एक 26 साल की महिला के भर्ती होने की जानकारी मिली थी। महिला को ऊंचाई से गिरने के कारण चोटें आई थीं। महिला को उसका पति अस्पताल में लाया था, जहां डॉक्टरों ने उसे ब्रॉट डेड घोषित कर दिया था। फोरेंसिक टीम ने न्यू मुस्तफाबाद इलाके में घटनास्थल का मुआयना किया और जरूरी सबूत इकट्ठा किए। मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में BNSS की धारा 196 के तहत कार्रवाई की जा रही है और आगे की जांच जारी है।''

शादी से पहले हो गई थी प्रेग्नेंट : बहन

मृतक समीना की बड़ी बहन ने एएनआई से बात करते हुए कहा, मुझे अपने बच्चों से पता चला कि समीना छत से गिर गई है। जब तक मैं वहां पहुंचे, उसे पहले ही अस्पताल ले जाया जा चुका था। उसे ऐसा नहीं लगा कि उसने छलांग लगाई हो। उसने अपनी मर्जी से ही निकाह और कोर्ट मैरिज की थी। उसकी शादी को तीन महीने और छह दिन हुए थे। अभी वह प्रेग्नेंट थी। उसने शादी इसलिए की थी क्योंकि वह प्रेग्नेंट हो गई थी। उसका पति उस पर मायके से उसके गहने लाने का दबाव बना रहा था। दो जानें गई हैं, हमें इंसाफ चाहिए। पुलिस ने पति को पकड़ लिया है।''

गहने लाने की जिद करता था पति : भाई

वहीं, समीना के भाई ने कहा कि वह 25 साल की थी। उसने कोर्ट मैरिज की थी। उसका पति उससे दहेज मांग रहा था। वो बैटरी रिक्शा लेना चाहता था। हमने उसकी शादी के लिए कुछ गहने बनवाए थे। जब उसके पति को इस बारे में पता चला, तो वह उससे वो गहने लाने की जिद करता था। कल हमें एक फोन आया कि उसने छत से कूदकर जान दे दी है। जब हम मौके पर देखने गए, तो ऐसा लगा कि वहां कोई हाथापाई हुई थी। जब मैं सीढ़ियां चढ़ रहा था, तो मुझे लगा कि आस-पास खून के धब्बे हैं। मुझे लगता है कि उसकी हत्या की गई है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।