गर्भवती सीमा हैदर अस्पताल में भर्ती, जल्द बनेंगी सचिन के बच्चे की मां
करीब दो साल पहले दुबई और नेपाल के रास्ते चार बच्चों के साथ अवैध तरीके से भारत पहुंची पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर एक बार फिर चर्चा में है। गर्भवती सीमा निजी अस्पताल में भर्ती है। वह रबूपुरा निवासी पति सचिन मीणा के बच्चे की मां बनने वाली है।

करीब दो साल पहले दुबई और नेपाल के रास्ते चार बच्चों के साथ अवैध तरीके से भारत पहुंची पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर एक बार फिर चर्चा में है। गर्भवती सीमा निजी अस्पताल में भर्ती है। वह रबूपुरा निवासी पति सचिन मीणा के बच्चे की मां बनने वाली है। हालांकि, अब तक सीमा हैदर को भारत की नागरिकता नहीं मिली है।
पाकिस्तान के सिंध प्रांत की रहने वाली सीमा 13 मई 2023 को अपने बच्चों के साथ अवैध रूप से भारत आ गई थी। सीमा को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने पर 4 जुलाई 2023 को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने उसके भारतीय प्रेमी (वर्तमान में पति) सचिन मीणा को अवैध प्रवासी को शरण देने के आरोप में गिरफ्तार किया था। 7 जुलाई को स्थानीय अदालत ने उसे जमानत दे दी थी। सीमा ने पुलिस को बताया था कि दोनों ने नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली थी।
जमानत मिलने के बाद विधि-विधान के साथ सीमा ने गौतमबुद्ध नगर में भी शादी की थी। तब से दोनों रबूपुरा में एक ही घर में पति-पत्नी के रूप में जीवन यापन कर रहे हैं। सीमा और सचिन की कहानी भारत-पाकिस्तान ही नहीं कई देशों में चर्चित है। सीमा के वकील विक्रम सिंह ने बताया कि सीमा गर्भवती है। वह ग्रेटर नोएडा के निजी अस्पताल में भर्ती है। वह जल्द ही बच्चे को जन्म देगी। उन्होंने बताया कि जहां तक सीमा की भारतीय नागरिकता का सवाल है तो उनके खिलाफ अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने को लेकर दर्ज केस का निस्तारण हो जाए। इस मामले में आईबी और एटीएस की टीमें भी जांच कर चुकी हैं।
मुकदमे की जांच जारी
पुलिस ने बताया कि सीमा हैदर के खिलाफ थाना रबूपुरा में विदेशी अधिनियम ऐक्ट 1946 के सेक्शन 14 के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, केस की विवेचना पूरी करने से जुड़े कुछ दस्तावेजों की रिपोर्ट विदेश मंत्रालय से आनी बाकी है। वहीं, सीमा की ओर से उसके पाकिस्तानी पति गुलाम हैदर के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा दायर किया हुआ है। सीमा ने गुलाम पर उसे सोशल मीडिया के जरिये बदनाम करने का आरोप लगाया है।