Delhi Pollution : प्रदूषण ने दिल्ली की फिजा में घोला 'जहर', हवा से लेकर पानी तक सब खराब

Oct 20, 2024 08:58 am ISTPraveen Sharma नई दिल्ली। एएनआई
share

सर्दियों की शुरुआत के साथ ही प्रदूषण के कारण इन दिनों राजधानी की फिजा में अब जहर सा घुलने लगा है। यहां हवा से लेकर पानी तक सब कुछ खराब हो गया है। आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ने के आसार हैं।

Delhi Pollution : प्रदूषण ने दिल्ली की फिजा में घोला 'जहर', हवा से लेकर पानी तक सब खराब

सर्दियों की शुरुआत के साथ ही प्रदूषण के कारण इन दिनों राजधानी की फिजा में अब जहर सा घुलने लगा है। यहां हवा से लेकर पानी तक सब कुछ खराब हो गया है। आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ने के आसार हैं। पूर्वी दिल्ली के आसपास के इलाकों में आज वायु गुणवत्ता बेहद खराब रही।

रविवार को सुबह दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर और आसपास के इलाकों में धुंध की एक परत छाई हुई है, जिससे इलाके का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 353 तक पहुंच गया है, जिसे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार 'बहुत खराब' श्रेणी में रखा गया है। वहीं, नेहरू पार्क और आसपास के इलाकों में भी धुंध की चादर छाई रही और एक्यूआई गिरकर 254 पर पहुंच गया, जिसे 'खराब' श्रेणी में रखा गया।

इसके अलावा, दिल्ली में ही कालिंदी कुंज के पास यमुना नदी में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के कारण नदी में जहरीले झाग तैरते हुए देखे गए।

दिल्ली में खराब वायु गुणवत्ता के लिए मौसम में बदलाव जिम्मेदार

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने शनिवार को कहा था कि मौसम में बदलाव आने के कारण राजधानी में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच गई है और दिवाली के बाद प्रदूषण और बढ़ने की आशंका है। गोपाल राय ने पीटीआई से बात करते से कहा था कि दिल्ली सरकार धूल के प्रदूषण पर नियंत्रण लगाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है और इसमें लोगों को सहयोग करना होगा।

उन्होंने कहा कि मौसम में बदलाव होने के कारण दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच गई है तथा तापमान गिरने के कारण स्थिति और बिगड़ सकती है। उन्होंने कहा कि दिवाली के बाद वायु गुणवत्ता और बदतर होने की आशंका है।

मंत्री ने कहा कि ऐसी आपात स्थितियों के लिए हमने केंद्र सरकार को पत्र लिखा है। तकरीबन 2.5 लाख निरीक्षण किए गए हैं और पूरे शहर में धूल रोधी अभियान जोरशोर से चलाया जा रहा है। जहां भी उल्लंघन पाए जा रहे हैं, जुर्माना लगाया जा रहा है। राय ने कहा कि धूल नियंत्रण नियमों का उल्लंघन करते पाए गए लोगों पर अब तक कुल 17 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह अभियान और तेज किया जाएगा। उन्होंने सर्दियों के मौसम के मद्देनजर तत्काल कार्रवाई करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

यूपी के साथ जॉइंट ऑपरेशन चलाने के निर्देश

आनंद विहार में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किए जाने पर राय ने कहा कि सरकार ने इलाके में 10 ‘एंटी-स्मॉग गन’ तैनात की हैं। उन्होंने कहा कि हम धूल प्रदूषण को नियंत्रण में लाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं लेकिन हमें प्रदूषण के स्तर में कमी लाने के लिए लोगों से सहयोग की आवश्यकता है। पर्यावरण मंत्री ने कहा कि मैंने अधिकारियों को आनंद विहार में प्रदूषण को नियंत्रण में लाने के लिए उत्तर प्रदेश के साथ जॉइंट ऑपरेशन चलाने के भी निर्देश दिए हैं।

गोपाल राय ने यमुना में प्रदूषण बढ़ने के लिए उत्तर प्रदेश को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि वे उत्तर प्रदेश से यमुना में सफेद झाग भेजते हैं और हम उसे साफ करते हैं। हमले कल साफ किया था और हम आज फिर से साफ करेंगे। दिल्ली में यमुना नदी शुक्रवार को भी सफेद झाग की मोटी परत से ढकी नजर आई थी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यमुना नदी के एक बड़े हिस्से पर पानी के ऊपर बादलों जैसा झाग नजर आया, जो बाद में धीरे-धीरे खत्म हो गया।

बता दें कि, शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बेहद खराब’ तथा 401 और 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

भाषा के इनपुट के साथ

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।