दिल्ली में PNG गैस लीक होने से लगी आग; बीड़ी जलाते ही धमाका; 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत
दिल्ली के बदरपुर के मोलड़बंद इलाके में शनिवार शाम एक घर में अचानक आग लगने से 65 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला की बुरी तरह झुलसने के चलते मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दिल्ली के बदरपुर के मोलड़बंद इलाके में शनिवार शाम एक घर में अचानक आग लगने से 65 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला की बुरी तरह झुलसने के चलते मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घर में जांच के दौरान एक बुजुर्ग महिला का शव झुलसी हुई हालत में मिला। बदरपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने संबंधित धारा में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच के अनुसार बताया जा रहा है कि घर में लगी गैस की पाइपलाइन में लीकेज के चलते यह हादसा हुआ है।
आग लगने स वॉशरूम में फंस गई महिला
डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि मृतक महिला 65 वर्षीय पुष्पा अपने परिवार के साथ मोलड़बंद इलाके में रहती थीं। पुलिस को शनिवार शाम एक घर में आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद बदरपुर थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। वहां पता चला कि बुजुर्ग महिला पुष्पा घर की छत पर बने वॉशरूम में गई थीं। उसी दौरान अचानक वॉशरूम के अंदर आग भड़क उठी और वह उसकी चपेट में आ गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि महिला को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया और वह गंभीर रूप से झुलस गईं।परिजनों ने शोर सुनकर तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की और महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस चुकी थीं। परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दो महीने पहले ही PNG गैस का नया कनेक्शन लगा था
परिवार के सदस्यों का आरोप है कि करीब दो महीने पहले ही घर में गैस पाइपलाइन का नया कनेक्शन लगाया गया था। उनका कहना है कि पाइपलाइन में कहीं लीकेज था, जिससे गैस रिसाव हो रहा था। हालांकि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी और गैस की गंध भी महसूस नहीं हुई। परिजनों के मुताबिक पुष्पा को बीड़ी पीने की आदत थी। उन्होंने बीड़ी जलाने के लिए जैसे ही माचिस जलाई, गैस के संपर्क में आते ही अचानक तेज धमाके के साथ आग भड़क उठी और वॉशरूम में लपटें फैल गईं।
गैस पाइपलाइन की स्थिति और सुरक्षा मानकों की जांच होगी
घटना की सूचना मिलने के बाद बदरपुर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में आग लगने के पीछे गैस लीकेज होने की आशंका है, हालांकि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। साथ ही गैस पाइपलाइन की स्थिति और सुरक्षा मानकों की भी जांच की जाएगी।
वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते गैस लीकेज का पता चल जाता, तो शायद महिला की जान बचाई जा सकती थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


