दिल्ली मेट्रो का होगा विस्तार, पीएम मोदी देने जा रहे 35 हजार करोड़ का तोहफा
प्रधानमंत्री मोदी 8 मार्च को दिल्ली में 33,500 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसमें दिल्ली मेट्रो के नए कॉरिडोर का विस्तार और सरकारी आवासीय कॉलोनियों का आधुनिक पुनर्विकास शामिल है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 मार्च को दिल्ली में लगभग 33,500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। 8 मार्च को कार्यक्रम दोपहर लगभग 12 बजे आयोजित होगा जिसमें दिल्ली मेट्रो के नए कॉरिडोर और सामान्य पूल आवासीय आवास योजना के तहत पुनर्विकास परियोजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री सरोजिनी नगर में निर्मित नए टाइप-5 सरकारी आवासों का दौरा करेंगे और महिला आवंटियों को घरों की चाबियां सौंपेंगे।
दिल्ली मेट्रो का होगा विस्तार
इन परियोजनाओं में से एक बड़ा हिस्सा दिल्ली मेट्रो के विस्तार से जुड़ा है। इनकी लागत लगभग 18,300 करोड़ रुपये है। कार्यक्रम में दो नए मेट्रो कॉरिडोर, मजलिस पार्क से मौजपुर बाबरपुर (पिंक लाइन) और दीपाली चौक से मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन) का उद्घाटन होगा। पिंक लाइन का खंड लगभग 12.3 किलोमीटर और मैजेंटा लाइन का लगभग 9.9 किलोमीटर लंबा है।
इन इलाकों की बेहतर होगी मेट्रो कनेक्टिविटी
अधिकारियों ने बताया कि इन कॉरिडोर के शुरू होने से उत्तर और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों जैसे बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क को बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी।
तीन नए कॉरिडोर का करेंगे शिलान्यास
पीएम मोदी दिल्ली मेट्रो के फेज-V-A विस्तार के तहत तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी करेंगे। इनकी लंबाई लगभग 16.10 किलोमीटर होगी। प्रस्तावित कॉरिडोरों में आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ, एरोसिटी से आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-1, और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज शामिल हैं। इन परियोजनाओं से दिल्ली के महत्वपूर्ण स्थानों के बीच सीधी कनेक्टिविटी मजबूत होगी और दक्षिण दिल्ली, नोएडा और एयरपोर्ट के बीच यात्रा सुगम होगी।
इन आवासीय परियोजनाओं की देंगे सौगात
प्रधानमंत्री सामान्य पूल आवासीय आवास योजना के तहत लगभग 15,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं सरोजिनी नगर, नेताजी नगर, कस्तूरबा नगर और श्रीनिवासपुरी जैसी सरकारी आवासीय कॉलोनियों में लागू की जा रही हैं।
बनाए जाएंगे 9,350 से अधिक फ्लैट
इस योजना का मकसद सरकारी आवासीय परिसरों और प्रशासनिक ढांचे का आधुनिकीकरण करना है। योजना के तहत सरकारी कर्मचारियों के लिए 9,350 से अधिक आधुनिक फ्लैट बनाए जाएंगे। इसके साथ ही लगभग 48 लाख वर्ग फुट कार्यालय क्षेत्र भी विकसित किया जाएगा।
शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने का मकसद
इन परियोजनाओं को एक स्व-वित्तपोषित मॉडल के माध्यम से लागू किया जा रहा है। इसमें परियोजना क्षेत्र के एक सीमित हिस्से को कॉमर्शियल और आवासीय इस्तेमाल के लिए विकसित किया जाएगा। इससे प्राप्त राजस्व से नए आवास, सहायक अवसंरचना और सार्वजनिक सुविधाओं के निर्माण को वित्तपोषित किया जाएगा। इन परियोजनाओं का मकसद दिल्ली में शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर और सरकारी सुविधाओं को आधुनिक बनाना है।
लेखक के बारे में
Krishna Bihari Singhकृष्ण बिहारी सिंह वरिष्ठ पत्रकार और स्टेट टीम का हिस्सा (दिल्ली-NCR, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, राजस्थान और गुजरात )
संक्षिप्त विवरण
कृष्ण बिहारी सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। कृष्ण बिहारी सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। वह स्टेट टीम के साथ काम कर रहे हैं। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय मीडिया जगत में केबी उपनाम से चर्चित हैं। यूपी के मऊ जिले से ताल्लुक रखने वाले केबी महाराष्ट्र और हरियाणा में पत्रकारिता कर चुके हैं। मौजूदा वक्त में वह दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: कृष्ण बिहारी सिंह लोकमत, आज समाज, राष्ट्रीय सहारा, अमर उजाला और दैनिक जागरण अखबार में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने साल 2019 में जागरण डॉट कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा। कृष्ण बिहारी सिंह मौजूदा वक्त में भारत के प्रसिद्ध समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) की स्टेट टीम में डिप्टी चीफ एडिटर (कंटेंट क्रिएटर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: लॉ (एलएलबी) और साइंस (बी.एससी, बायोलॉजी) से ग्रेजुएट कृष्ण बिहारी सिंह ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए और एमफिल किया है। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय राजनीति और वैश्विक मामलों के साथ विधि विषय की गहरी समझ रखते हैं। अखबार से लेकर टेलीविजन और अब डिजिटल मीडिया के बदलावों के साक्षी रहे कृष्ण बिहारी सिंह पाठकों की पसंद और बदलते ट्रेंड को बारीकी से समझते हैं।
रिपोर्टिंग एवं विशेषज्ञता: कृष्ण बिहारी सिंह राजनीति, जिओ पॉलिटिक्स, जन सरोकार और क्राइम की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। कृष्ण बिहारी सिंह ने अब तक विभिन्न मीडिया संस्थानों में नेशनल, इंटरनेशनल, बिजनेस, रिसर्च एवं एक्सप्लेनर और संपादकीय टीमों के साथ लंबे समय तक काम किया है। यही वजह है कि खबर के पीछे छिपे एजेंडे की समझ रखने वाले केबी समसामयिक घटनाक्रमों पर गहरा विश्लेषण करते हैं।
पत्रकारिता का उद्देश्य: कृष्ण बिहारी सिंह 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ काम करते हैं। केबी का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी उसका राष्ट्र और लोक कल्याण है। केबी खबरों को पहले प्रमाणिकता की कसौटी पर कसते हैं, फिर आम जनमानस की भाषा में उसे परोसने का काम करते हैं। केबी का मानना है कि रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों को न केवल सूचना देना वरन उन्हें सही और असल जानकारी देना है।


