PM मोदी को मिल जाता क्रेडिट, इसलिए मेडिकल सप्लाई नहीं की इस्तेमाल; BJP का केजरीवाल पर आरोप
दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस समय दिल्लीवाले परेशान थे उस समय अरविंद केजरीवाल शराब नीति बनाने में व्यस्त थे। एक दिन पहले मंगलवार शाम को अचानक दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता गुरु तेग बहादुर पहुंचीं।

दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस समय दिल्लीवाले परेशान थे उस समय अरविंद केजरीवाल शराब नीति बनाने में व्यस्त थे। एक दिन पहले मंगलवार शाम को अचानक दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं में कई तरह की खामियां मिलीं। उन्हें पता चला कि कोविड-19 महामारी के बाद से ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और पीपीई किट सहित आवश्यक चिकित्सा आपूर्ति का उपयोग नहीं किया गया था।
सिरसा ने कहा, 'मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को सीलबंद ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और सड़ी हुई पीपीई किट मिलीं, जो कोविड के दौरान लोगों की जान बचा सकती थीं। जब दिल्लीवासी संकट में थे, तब अरविंद केजरीवाल अपनी शराब नीति बनाने में व्यस्त थे। उन्हें लोगों के स्वास्थ्य की नहीं बल्कि शराब और पैसे की चिंता थी। यह केजरीवाल सरकार का तथाकथित 'स्वास्थ्य मॉडल' है, जहां करोड़ों रुपये के मेडिकल उपकरण बर्बाद हो गए।'
भाजपा नेता प्रवीण खंडेलवाल ने भी आप पर लापरवाही का आरोप लगाया और दावा किया कि अहम मेडिकल आपूर्ति का उपयोग करने के बजाय उन्हें सड़ने के लिए छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा, 'आप सरकार को दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य में कोई दिलचस्पी नहीं है। अगर इन मेडिकल सप्लाई का इस्तेमाल किया गया होता, तो लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसका क्रेडिट देते। शायद इसीलिए आप ने इन्हें बर्बाद होने दिया। उन्होंने इन्हें न्यूनतम लागत पर खरीदा, लेकिन कभी वितरित नहीं किया। यह कुप्रबंधन और उदासीनता का एक उदाहरण है।'
जीटीबी अस्पताल का हाल देखकर भड़कीं सीएम रेखा
सीएम रेखा ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जीटीबी जैसे बड़े अस्पताल में एक भी एमआरआई मशीन नहीं है। सीटी स्कैन की मशीन 12 साल पुरानी है, जबकि इस मशीन की कार्य क्षमता अधिकतम 10 वर्ष की होती है। वहीं, 40 फीसदी पद खाली पड़े हैं। जहां पर रोजाना छह से सात हजार मरीजों की ओपीडी रहती है, अस्पताल में केवल 95 आईसीयू बेड हैं। अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने स्वास्थ्य मॉडल को बर्बाद कर दिया।