
गुड न्यूज! गाजियाबाद में अगले महीने मिलेंगे प्रधानमंत्री आवास योजना के फ्लैट
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मधुबन बापूधाम में तैयार 856 फ्लैटों के आवंटियों को बड़ी राहत देने जा रहा है, दिसंबर के पहले हफ्ते से ही फ्लैटों की रजिस्ट्री शुरू करने की योजना है, जिसके साथ ही आवंटियों को अपने आशियाने पर कब्जा भी मिल जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना के आवंटियों को फ्लैट पर कब्जा देने की तैयारी की जा रही है। दिसंबर के पहले हफ्ते से आवंटियों के नाम फ्लैट की रजिस्ट्री करने की योजना है। इसके साथ ही आवंटियों को फ्लैट की रजिस्ट्री के साथ उस पर कब्जा भी दे दिया जाएगा, ताकि वह अपने आशियाने में जाकर रह सकें।
जीडीए ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत वर्ष 2018 में मधुबन बापूधाम योजना में पहला प्रोजेक्ट शुरू किया था। इसमें कुल 856 फ्लैट बनाने थे, जिन्हें 2020 तक पूरा करना था। इसका ड्रॉ भी करीब पांच साल पहले निकाल दिया था, लेकिन प्रोजेक्ट पूरा नहीं होने के कारण आवंटियों को अब तक फ्लैटों पर कब्जा नहीं दिया जा सका।
जीडीए अधिकारी बताते हैं कि सभी फ्लैट बनकर तैयार हैं, लेकिन अन्य विभागों ने प्रोजेक्ट में अपना काम नहीं किया था। जल निगम को पानी और सीवरेज लाइन डालने का काम करना था, जबकि यूपी राज्य पावर कॉरपोरेशन को बाहरी विद्युतीकरण का कार्य और लोक निर्माण विभाग को सड़क निर्माण करनी थी। ऐसे में अब प्राधिकरण इन सभी कार्यों को करा रहा है । जीडीए दिसंबर के पहले हफ्ते से फ्लैटों की रजिस्ट्री कराने की तैयारी कर रहा है।
जीडीए के पांच प्रोजेक्ट चल रहे
जीडीए की इस योजना के तहत पांच प्रोजेक्ट चल रहे हैं। इनमें कुल 3,496 फ्लैट तैयार कराए जा रहे हैं। इसमें मुख्य रूप से मधुबन बापूधाम योजना में 856, डासना में 432, प्रताव विहार में 1,200, नूरनगर में 480 और निवाड़ी में 528 फ्लैट तैयार हो रहे हैं।





