
गाजियाबाद में हिंदुओं को तलवार बांटने वाला पिंकी चौधरी और उसका बेटा गिरफ्तार, लगेगा गुंडा ऐक्ट
गाजियाबाद में हिंदुओं के बीच तलवार बांटने वाले हिंदू रक्षा दल (एचआरडी) के प्रमुख पिंकी चौधरी को गिरप्तार कर लिया गया है। पुलिस ने पिंकी के बेटे हर्ष को भी दबोच लिया है।
गाजियाबाद में हिंदुओं के बीच तलवार बांटने वाले हिंदू रक्षा दल (एचआरडी) के प्रमुख पिंकी चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने पिंकी के बेटे हर्ष को भी दबोच लिया है। इससे पहले संगठन के 10 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने पिंकी पर गुंडा ऐक्ट के तहत कार्रवाई की बात कही है।
हिंदू रक्षा दल ने शालीमार गार्डन स्थित कार्यालय पर 29 दिसंबर को खुलेआम तलवारें बांटी थीं। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने वीडियो जारी कर इसकी जिम्मेदारी भी ली थी। कार्यकर्ताओं ने तलवार व फरसे लेकर गलियों में धूमते हुए दहशत फैलाई थी। सूचना पर हुंची पुलिस ने 8 तलवार बरामद कर कपिल, श्याम यादव, अरुण जैन, रामपाल, अमित सिंह, अमित कुमार, देवेंद्र बघेल, उजाला सिंह, अमित अरोरा व मोहित कुमार को गिरफ्तार किया था।
पिंकी और उसका बेटा हो गए थे फरार, मुंहतोड़ जवाब की दी थी धमकी
पिंकी व उसके बेटे समेत करीब 15 अन्य फरार हो गए थे। फरारी के दौरान पिंकी के दो वीडियो सामने आए थे, जिनमें वह शासन-प्रशासन को मुंहतोड़ जवाब देने की धमकी दे रहा था। ये वीडियो काफी वायरल हुए थे। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। मगर वीडियो सामने आने के बाद से पुलिस ने धरपकड़ तेज कर दी थी।
गिरफ्तारी पर क्या बोली पुलिस
डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील ने बताया कि पिंकी चौधरी उर्फ भूपेंद्र व उसके बेटे हर्ष को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की भी तलाश जारी है।
गुंडा एक्ट में कार्रवाई को रिपोर्ट भेजी
पिंकी चौधरी को पहले भी गिरफ्तार किया गया था, जब झुग्गियों में रहने वालों को रोहिंग्या बताकर झुग्गियों में आग लगा दी गई थी। उस समय गुंडा एक्ट में कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हो पाई थी। तलवार बांटने के बाद फिर से शालीमार गार्डन थाने से पिंकी चौधरी के खिलाफ गुंडा एक्ट में कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है। तलवार बांटने के मामले में पुलिस ने 7 सीएलए व अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील ने बताया कि पिंकी व उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। गुंडा एक्ट में कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भी भेजी गई है।
परिवार को परेशान न करने की मांग
मंगलवार को पंचदशनाम जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे और पुलिस पर पिंकी की बेटी व परिजनों संग दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हिंदूवादी लोगों के परिवार उनसे पहले से ही परेशान रहते हैं। पुलिस उन्हें और परेशान कर रही है। इसलिए हमें चाहें, जो भी सजा दो मगर परिवार को दूर रखा। सोमवार को बेटियों ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने उन्हें दिन भर थाने में हिरासत में रखा। ऐसा करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। हालांकि पुलिस ने पहले ही साफ कर दिया था कि हिरासत में किसी को नहीं लिया गया था, पूछताछ के लिए ही बुलाया था। इसी से सुराग मिला।





