कारों का काफिला, नारे और आतिशबाजी; पिंकी चौधरी के जेल से छूटने पर समर्थकों ने काटा हुड़दंग

Jan 16, 2026 08:09 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
share Share
Follow Us on

गाजियाबाद में तलवारें बांटने के आरोप में गिरफ्तार हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी जेल से रिहा हो गए। इसकी सूचना मिलते ही उनके सैकड़ों समर्थक और हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता डासना जेल के बाहर जुट गए और पिंकी चौधरी के बाहर आते ही जमकर नारेबाजी और आतिशबाजी कर हुड़दंग काटा।

कारों का काफिला, नारे और आतिशबाजी; पिंकी चौधरी के जेल से छूटने पर समर्थकों ने काटा हुड़दंग

गाजियाबाद के शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में लोगों को तलवारें बांटने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजे गए हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी और उनके बेटे हर्ष चौधरी की गुरुवार को जेल से रिहाई हो गई। पिंकी चौधरी की रिहाई की सूचना मिलते ही उनके सैकड़ों समर्थक और हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता डासना स्थित जिला कारागार के बाहर जुट गए और पिंकी चौधरी के बाहर आते ही जमकर नारेबाजी और आतिशबाजी कर हुड़दंग काटा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिंकी चौधरी के जेल से बाहर निकलते ही उनके समर्थकों का काफिला हूटर बजाती कारों में सवार होकर आगे बढ़ा। आरोप है कि इस दौरान कई जगहों पर कारों से स्टंट किए गए और कार की छत पर पटाखे रखकर आतिशबाजी की गई। शोर-शराबे और आतिशबाजी से आसपास के इलाकों में कुछ देर अफरातफरी का माहौल रहा।

चार थाना क्षेत्रों से बेखौफ गुजरा काफिला

यह काफिला चार थाना क्षेत्रों से होता हुआ शालीमार गार्डन स्थित पिंकी चौधरी के आवास तक पहुंचा। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इतने बड़े काफिले और कथित नियम उल्लंघन के बावजूद किसी भी थाना क्षेत्र में पुलिस ने न तो इस काफिले को रोका और ना ही मौके पर कोई कार्रवाई की गई। इसको लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें कारों पर स्टंट और आतिशबाजी होती दिखाई दे रही है।

क्या बोले पुलिस अधिकारी

एडिशनल सीपी कानून-व्यवस्था एवं यातायात आलोक प्रियदर्शी का कहना है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। वीडियो की जांच कर यह देखा जाएगा कि किन-किन स्थानों पर यातायात नियमों और सार्वजनिक सुरक्षा का उल्लंघन हुआ है। जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी सड़क पर इस तरह के जश्न और स्टंट को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
;;;