काम की बात: पिंक सहेली कार्ड से एक ही बस में 2 बार फ्री टिकट नहीं मिलेगा, जानिए नियम-कायदे

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, राजीव शर्मा
Follow us on Google News
share

Pink Saheli Card : अगर आप भी दिल्ली की डीटीसी बसों में फ्री सफर करती हैं तो 31 जुलाई तक अपने पिंक सहेली कार्ड बनवा लीजिए। 1 अगस्त से बसों में मुफ्त सफर के लिए सभी महिलाओं को पिंक कार्ड दिखाने होंगे। मुफ्त यात्रा के लिए कई तरह के नियम-कायदे भी तय किए गए हैं।

पिंक सहेली कार्ड से एक ही बस में 2 बार फ्री टिकट नहीं मिलेगा, जानिए नियम-कायदे

दिल्ली की बसों में मुफ्त सफर के लिए एक अगस्त से अनिवार्य किए गए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड (एनसीएमसी) का दुरुपयोग रोकने के लिए इसमें कई सिक्योरिटी फीचर जोड़े गए हैं। एक ही पिंक सहेली कार्ड से एक ही बस में दो बार मुफ्त टिकट जारी नहीं हो सकेगा। इसके साथ ही अब पिंक कार्ड से जारी होने वाले टिकट पर महिला यात्री का नाम और यात्रा की डिटेल (कहां से शुरू हुई यात्रा और गंतव्य) भी दर्ज रहेगा।

दिल्ली की बसों में एक अगस्त से सिर्फ दिल्ली की रहने वाली महिलाओं के लिए मुफ्त सफर की सुविधा होगी। ऐसे में संभावना बढ़ गई है कि एक ही कार्ड पर कई महिलाएं सफर कर सकती हैं। डीटीसी के एक अधिकारी ने बताया कि ऐसी संभावनाओं को देखते हुए पिंक कार्ड में खास फीचर जोड़ दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत महिला यात्री जब किसी डीटीसी या क्लस्टर बस में अपने पिंक कार्ड को ई-टिकटिंग मशीन (ईटीएम) पर टैप कर मुफ्त टिकट लेंगी, तो उसी बस में तब तक कार्ड से दोबारा मुफ्त टिकट जारी नहीं होगा, जब तक की बस अपने आखिरी स्टॉप तक नहीं पहुंच जाएगी। अंतिम स्टॉप तक पहुंचकर अगर बस वापस अपने रूट पर चलेगी तो उसका नंबर बदल जाएगा, इसके बाद उसी पिंक कार्ड से उस बस में टिकट जारी हो सकेगा।

अलग-अलग बसों में यात्रा पर कोई रोक नहीं

डीटीसी के अधिकारी ने साफ किया है कि यह प्रतिबंध केवल एक ही बस तक सीमित रहेगा। पिंक कार्ड धारक महिला यात्री अगर एक बस से उतरकर दूसरी बस में सफर करती है तो वह उसी पिंक कार्ड से फिर मुफ्त टिकट ले सकेगी।

क्यों लगाई गई शर्त

डीटीसी अधिकारियों का मानना है कि नई व्यवस्था से प्रत्येक कार्ड का उपयोग वास्तविक पात्र यात्री तक सीमित रहेगा। इससे ई-टिकटिंग प्रणाली अधिक पारदर्शी बनेगी और दुरुपयोग की पहचान करना आसान होगा।

पहली बार टिकट पर यात्री का नाम दर्ज होगा

दिल्ली की बसों में अभी तक टिकट पर किसी यात्री का नाम दर्ज नहीं होता था। यह पहली बार है कि दिल्ली की बसों में पिंक स्मार्ट कार्ड से जो भी महिला फ्री सफर करेगी, बस में जारी होने वाले पिंक टिकट पर उसका नाम दर्ज होगा। अगर रास्ते में चेकिंग होगी तो चेकिंग स्टाफ मिलान कर सकेगा कि कार्ड धारक और पिंक टिकट पर सफर कर रही महिला एक ही है।

50 केंद्रों पर बनाए जा रहे पिंक सहेली कार्ड

दिल्ली में 1 अगस्त से मुफ्त बस यात्रा की सुविधा का लाभ लेने के लिए महिलाओं के पास 'पिंक सहेली' स्मार्ट कार्ड होना अनिवार्य होगा। डीटीसी के आदेश में कहा गया है कि एक अगस्त से केवल उन्हीं महिला यात्रियों को पिंक टिकट जारी किया जाएगा, जिनके पास वैध 'पिंक सहेली' स्मार्ट कार्ड होगा। दिल्ली सरकार ने 'पिंक सहेली' स्मार्ट कार्ड जारी करने के लिए दिल्लीभर में 50 अधिकृत केंद्र स्थापित किए हैं। योजना के तहत पात्र सभी महिलाएं परिवहन विभाग और डीटीसी द्वारा समय-समय पर जारी दिशानिर्देशों के अनुसार अधिसूचित केंद्रों और काउंटरों से 'पिंक सहेली' स्मार्ट कार्ड प्राप्त कर सकती हैं। अब तक दिल्ली में करीब 15 लाख 'पिंक सहेली' स्मार्ट कार्ड वितरित किए जा चुके हैं।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।