काम की बात: दिल्ली की बसों में 1 अक्टूबर से अब पिंक टिकट पर महिलाएं नहीं कर सकेंगी मुफ्त सफर
दिल्ली में 1 अक्टूबर से महिलाओं को बसों में मुफ्त सफर के लिए पिंक टिकट की जगह 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' जरूरी होगा। केवल दिल्ली की महिलाओं को ही यह कार्ड मिलेगा बाहरी राज्यों की महिलाओं को अब किराया देना होगा।

राजीव शर्मा, नई दिल्ली
दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) और परिवहन विभाग की बसों में अब महिलाओं को पिंक टिकट पर फ्री सफर की सुविधा नहीं मिलेगी। एक अक्तूबर यानी गुरुवार से सिर्फ पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के जरिए ही बसों में मुफ्त सफर किया जा सकेगा। इसकी वजह से बाहरी राज्यों या एनसीआर के अन्य शहरों से आने वाली महिलाएं दिल्ली की बसों में फ्री सफर नहीं कर पाएंगी, उन्हें आम यात्रियों की तरह किराया देकर टिकट लेना पड़ेगा।
अब आगे नहीं दिया विस्तार
इससे पहले परिवहन विभाग ने गुलाबी कागजी टिकट की व्यवस्था को समाप्त करने और कार्ड को अनिवार्य करने के लिए 17 सितंबर की तारीख तय की थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस से शुरू हो रहे सेवा पखवाड़े के चलते इसके इस्तेमाल को 30 सितंबर तक का विस्तार दे दिया गया था। परिवहन विभाग ने अब आगे इसे विस्तार नहीं दिया।
पहली अक्टूबर से नया नियम हो जाएगा लागू
इसके चलते एक अक्तूबर से बसों में महिलाओं के मुफ्त सफर का नया नियम लागू हो जाएगा। डीटीसी के मुताबिक दिल्ली की रहने वाली महिलाओं को मुफ्त सफर के लिए पिंक स्मार्ट कार्ड फ्री दिया गया है। अब तक करीब 19 लाख से ज्यादा महिलाएं पिंक स्मार्ट कार्ड बनवा चुकी हैं। हालांकि पात्र महिलाओं को पिंक स्मार्ट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी और इसके लिए डीटीसी के पास अनुभाग केंद्रों को अधिकृत किया गया है।
महिलाएं अब ऐसे कर सकेंगी फ्री सफर
एक अक्टूबर से महिला यात्रियों को बस में सवार होने के बाद कंडक्टर के पास मौजूद इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन पर वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड टैप कराना होगा। इसके बाद उसे कंडक्टर को अपना गंतव्य स्थान बताना होगा। कंडक्टर मशीन से टिकट निकालकर महिला यात्री को दे देगा। मशीन पर कार्ड टैप करते ही कार्ड धारक महिला की डिटेल सर्वर में दर्ज हो जाएगी। इसके आधार पर डीटीसी की ओर से परिवहन विभाग को क्षतिपूर्ति का ब्योरा भेजा जाएगा।
जिनके पास स्मार्ट कार्ड नहीं
इस तरह से पहली अक्टूबर से हो रहे इस बदलाव के कारण जिन महिला यात्रियों के पास पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड नहीं होगा, उन्हें मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं मिलेगी। उन्हें आम यात्रियों की तरह किराया चुकाकर टिकट ख्ररीदना होगा। दिल्ली सरकार के इस नए नियम के कारण वे हजारों छात्राएं भी बसों में मुफ्त सफर से वंचित हो सकती हैं, जिनके पास दिल्ली के पते का आधार कार्ड नहीं हैं, लेकिन वे दिल्ली में ही रहकर शिक्षा हासिल कर रही हैं।


