काम की बात: अब DTC के 38 केंद्रों पर ही बनेंगे पिंक सहेली कार्ड, इन जगहों पर बंद हुई सुविधा
Pink Saheli Smart Card : महिलाओं के लिए डीटीसी बसों में मुफ्त सफर की सुविधा वाले पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड अब सिर्फ डीटीसी के 38 केंद्रों पर ही बनाए जाएंगे। पहले 50 केंद्रों पर यह सुविधा शुरू की गई थी, जो बाद में और बढ़ा दी गई थी। डीएम-एसडीएम दफ्तरों में चल रहे पिंक कार्ड सेंटर बंद कर दिए गए हैं।

Pink Saheli Smart Card : दिल्ली की सरकारी बसों में 17 सितंबर के बाद पिंक टिकट के जरिये महिलाओं को मुफ्त सफर की सुविधा नहीं मिलेगी। 18 सितंबर से बसों में फ्री सफर के लिए महिलाओं को पिंक स्मार्ट कार्ड दिखाना जरूरी होगा। वहीं, अब पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड का वितरण निर्धारित डीटीसी के 38 केंद्रों पर जारी रहेगा।
डीटीसी की बसों में पिंक टिकट सुविधा बीती 31 अगस्त से बंद की जानी था, लेकिन दिल्ली सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर तक इसकी अवधि बढ़ा दी थी। डीटीसी का कहना है कि 17 सितंबर के बाद जिन महिला यात्रियों के पास पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड नहीं होगा, उन्हें बस में सामान्य यात्री की तरह निर्धारित किराया देकर टिकट लेना होगा।
डीएम-एसडीएम केंद्र पर पिंक कार्ड बनने बंद
डीटीसी ने शुरूआती चरण में पिंक कार्ड बनवाने के लिए 50 केंद्रों को शुरू किया था, इसके बाद इनकी संख्या जरूरत के अनुसार और बढ़ा दी गई थी। अधिकारियों ने कहा कि अब डीएम-एसडीएम आधारित पिंक कार्ड केंद्र एक सितंबर से बंद कर दिए गए हैं।
19 लाख से अधिक महिलाओं ने बनवाए पिंक कार्ड
वार्ता के मुताबिक, दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा था कि पिंक टिकट सुविधा में यह विस्तार 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' आधारित व्यवस्था में सुचारू बदलाव और आगामी त्योहारों के दौरान महिला यात्रियों को किसी तरह की परेशानी से बचाने के लिए किया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 19 लाख महिलाओं ने 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 17 सितंबर के बाद भी पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के लिए रजिस्ट्रेशन और कार्ड जारी करने की प्रक्रिया जारी रहेगी। महिलाएं बस डिपो और बस टर्मिनल केंद्रों पर निर्धारित स्थानों से अपना स्मार्ट कार्ड बनवा सकेंगी। आगामी 17 सितंबर के बाद मुफ्त यात्रा की सुविधा के लिए स्मार्ट कार्ड आधारित व्यवस्था पूरी तरह लागू की जाएगी।
17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘सेवा पखवाड़ा’
परिवहन मंत्री ने कहा कि जन्माष्टमी, तीज और गणेश चतुर्थी समेत कई महत्वपूर्ण त्योहारों के दौरान महिलाओं और परिवारों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में पिंक टिकट की सुविधा को 17 सितंबर तक जारी रखने से महिला यात्रियों को बिना किसी रुकावट के मुफ्त बस यात्रा का लाभ मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है और इसी दिन से 2 अक्टूबर तक 'सेवा पखवाड़ा' शुरू होगा। पिंक टिकट व्यवस्था का विस्तार सेवा की भावना और महिला यात्रियों की सुविधा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
डॉ. सिंह ने कहा कि दिल्ली की माताओं और बहनों ने पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के लिए पूरे उत्साह के साथ रजिस्ट्रेशन कराया है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को बेहतर सुविधाओं के साथ आधुनिक और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुलभ, सुविधाजनक, आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने पात्र महिला यात्रियों से जल्द रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की और कहा कि जिन महिलाओं ने अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, वे 17 सितंबर के बाद भी रजिस्ट्रेशन कराकर स्मार्ट कार्ड प्राप्त कर सकेंगी।


