काम की बात: पिंक सहेली कार्ड 2 बार खोया तो एक साल के लिए बंद होगी मुफ्त बस यात्रा, ये हैं DTC 3 शर्तें

Pink Saheli Smart Card : दिल्ली में पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड से डीटीसी बसों में मुफ्त सफर का लाभ लेने वाली महिलाओं को अपना कार्ड बहुत संभालकर रखना होगा। अगर दो बार यह खो दिया तो उन्हें एक साल तक मुफ्त बस यात्रा की सुविधा से हाथ धोना पड़ जाएगा।

New Delhi, India - March 7, 2026: Delhi Chief Minister Rekha Gupta travels on a DTC bus with women passengers and experiences the NCMC Pink card facility for free travel, in New Delhi, India, on Saturday, March 7, 2026. (HT Photo)
पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड से जुड़ी कुछ शर्तें क्या हैं

राजीव शर्मा, नई दिल्ली

राजधानी दिल्ली में डीटीसी और परिवहन विभाग की बसों में महिलाओं को मुफ्त सफर के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है। दिल्ली में पिंक स्मार्ट कार्ड बनवा चुकी 19.18 लाख महिलाओं को इस कार्ड को काफी सहेज कर रखना पड़ेगा। पिंक स्मार्ट कार्ड दो बार खोया तो फिर एक साल तक नया पिंक स्मार्ट कार्ड जारी नहीं होगा और बसों में मिलने वाली मुफ्त सफर की सुविधा पर भी एक साल तक के लिए ब्रेक लग जाएगा।

पहली बार कार्ड खोने पर चुकाने होंगे 60 रुपये

पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड को लेकर डीटीसी और इसे जारी करने वाली संस्था की ओर से यह शर्तें लागू की गई हैं। फिलहाल यह पिंक स्मार्ट कार्ड निशुल्क बनाया जा रहा है। पहली बार कार्ड खोने पर महज 60 रुपये का मामूली शुल्क चुका कर नया पिंक स्मार्ट कार्ड बनवाया जा सकेगा। इससे पहले पुराने कार्ड के खोने की सूचना देकर उसे ब्लॉक कराना होगा, ताकि कोई अपात्र महिला उसका इस्तेमाल न कर सके। इसके बाद यदि दूसरी बार जारी किया गया कार्ड भी खो जाता है तो इसके बाद पिंक स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए कार्ड धारक महिला को लंबा इंतजार करना पड़ेगा।

डीटीसी के एक सीनियर अधिकारी का कहना है कि यह व्यवस्था पिंक स्मार्ट कार्ड के बार-बार खोने और उसके संभावित दुरुपयोग को रोकने और इसके प्रति कार्ड धारकों में गंभीरता लाने के मकसद से की गई है। ऐसे में कार्ड बदलने की प्रक्रिया को नियंत्रित करने का प्रावधान किया है।

डीटीसी की शर्त

● स्मार्ट कार्ड पहली बार में फ्री बनेगा

● दोबारा बनवाने के लिए 60 रुपये शुल्क देना होगा

● तीसरी बार बनवाने के लिए एक साल इंतजार करना पड़ेगा

इसलिए लागू की व्यवस्था

बाहरी राज्यों की महिलाएं पिंक कार्ड के लिए पात्र नहीं हैं। ऐसे में फर्जीवाड़ा शुरू हो गया है। मंगलवार को डीटीसी की एक बस का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ। कंडक्टर ने ऐसा फर्जीवाड़ा पकड़ा है। कार्ड धारक महिला वीडियो में बता रही है कि उसने 250 रुपये देकर कार्ड जारी कराए हैं, जबकि वह दिल्ली की रहने वाली नहीं है।

अपात्रों के हाथों में भी कार्ड

आरोप है कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में पिंक टिकट जारी करने के नाम पर बड़ा भ्रष्टाचार किया गया। इनकी संख्या में हेराफेरी की जा रही थी। अब पिंक स्मार्ट कार्ड के जरिये फ्री सफर करने वाली महिला का पूरा रिकॉर्ड सर्वर में दर्ज हो जाएगा। इसके आधार पर भुगतान किया जाएगा। इससे हेराफेरी कर पाना संभव नहीं होगा।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsपिंक कार्ड 2 बार खोया तो एक साल के लिए बंद होगी मुफ्त यात्रा,ये हैं DTC 3 शर्तें