हम वहां दुकान बना रहे थे.., ठेकेदार ने बताया इमारत गिरने से पहले उस दिन दिल्ली के PG में हुआ था कौन सा 'खेल'?
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि दिल्ली के सभी 'पेइंग गेस्ट' (पीजी) छात्रावासों का सघन निरीक्षण किया जाए और इस दौरान जहां पर भी अवैध निर्माण पाया जाए, वहां तुरंत कार्रवाई की जाए। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भवनों के रिकॉर्ड खंगालने के भी आदेश दिए हैं।

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पीजी की इमारत गिरने के मामले में पुलिस अबतक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जिनमें वह ठेकेदार भी शामिल है, जो इमारत गिरने से पहले वहां मरम्मत का काम कर रहा था। यूपी के कासगंज से गिरफ्तार 35 वर्षीय लेबर कॉन्ट्रैक्टर सानोज कुमार ने पूछताछ के दौरान इस हादसे की वजह को लेकर सनसनीखेज खुलासा किया है। उसका कहना है कि यह हादसा बेसमेंट में पानी भरने या किसी अन्य वजह से नहीं हुआ है, बल्कि उसने एक दीवार हटाने को इस हादसे की वजह बताया है। उसका कहना है कि दीवार के हटाने से अन्य दीवारों पर वजन बढ़ गया और बिल्डिंग गिर गई।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ठेकेदार सानोज ने बताया कि लगभग 10 दिन पहले महेश गुप्ता (पीजी मालिक उर्मिला और हरिराम का बेटा) ने उसे इमारत में रेनोवेशन का काम सौंपा था। उसे बेसमेंट को ग्राउंड फ्लोर के लेवल पर लाने के लिए कहा गया था, साथ ही ग्राउंड फ्लोर पर एक दुकान निकालने के लिए भी कहा गया था।
दीवार हटाते ही कमजोर पड़ी बिल्डिंग ढह गई
सानोज ने बताया कि 'बेसमेंट को ग्राउंड फ्लोर के लेवल पर लाने के लिए उसमें लगभग 3 ट्रक मलबा भरा गया था और महेश इस काम के लिए उसे 2800 रुपए रोजाना दे रहा था।' आगे ठेकेदार ने बताया कि 'ग्राउंड फ्लोर पर एक दीवार थी जो वहां पर दुकान बनाने के लिए जगह बनाने में रुकावट डाल रही थी।' आगे उसने कहा कि 'हादसे वाले दिन उन लोगों ने दुकान के लिए जगह बनाने के वास्ते वह दीवार हटा दी थी, जिसके बाद वहां की अन्य दीवारें उस इमारत का भार नहीं झेल पाईं और आखिरकर वह बिल्डिंग ढह गई।'
बुधवार को इस मामले में हुई पांचवीं गिरफ्तारी
आरोपी ठेकेदार की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि सानोज मूल रूप से बिहार के बांका जिले के बदरिया थाने के अंतर्गत आने वाले मानिकपुर गांव का रहने वाला है, और फिलहाल दिल्ली के मोती बाग इलाके के नानकपुरा में जेजे कैंप में रह रहा था। इससे पहले इस मामले को लेकर पुलिस अबतक कुल पांच गिरफ्तारियां कर चुकी हैं, जिनमें पांचवीं गिरफ्तारी बुधवार की सुबह हुई। इस दौरान पुलिस ने इमारत को लीज पर लेकर पीजी चलाने वाले सुधांशु नाम के शख्स को दबोच लिया। फिलहाल पुलिस यह पता लगा रही है कि उसने किन शर्तों के आधार पर गुप्ता परिवार से यह जर्जर इमारत लीज पर ली थी।
अबतक इन पांच लोगों की हो चुकी गिरफ्तारी
इससे पहले पुलिस ने इमारत की मालकिन 75 वर्षीय उर्मिला गुप्ता, वायु सेना से सेवानिवृत्त 81 साल के उनके पति हरिराम गुप्ता और उनके बेटे महेश गुप्ता (52) को गिरफ्तार किया था। वहीं, इमारत के तलघर में मरम्मत का काम करा रहे ठेकेदार सानोज कुमार को उत्तर प्रदेश के कासगंज से गिरफ्तार किया था।
सरकार ने अपनाया सख्त रुख
सत्य निकेतन में हुए इस हादसे के बाद दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने सख्त रुख अपनाया है और ताबड़तोड़ ऐक्शन शुरू करने के आदेश जारी कर दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि दिल्ली के सभी 'पेइंग गेस्ट' (पीजी) छात्रावासों का सघन निरीक्षण किया जाए और जहां भी अवैध निर्माण पाया जाए, वहां तुरंत कार्रवाई की जाए। इसके अलावा, गुप्ता ने भवनों के रिकॉर्ड खंगालने के भी आदेश दिए हैं। उन्होंने यह पता लगाने के निर्देश दिए हैं कि अवैध निर्माण आखिर किस वर्ष में हुआ था और उस समय यह किस अधिकारी के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आता था।
रविवार को हुए हादसे में मारे गए 7 लोग
सत्य निकेतन इलाके में छात्रों के पीजी के तौर पर इस्तेमाल की जा रही पांच मंजिला इमारत रविवार को दोपहर करीब 1:30 बजे मरम्मत कार्य के दौरान ढह गई। मलबे से कुल 12 लोगों को बाहर निकाला गया जिनमें से सात लोगों की मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हो गए। नगर निगम के मंगलवार तक के आंकड़ों के अनुसार, सत्य निकेतन में इमारत ढहने के बाद 24 संपत्तियों को गिराने की कार्रवाई की जा चुकी है और सात अवैध संरचनाओं को सील कर दिया गया है।


