
ग्रेटर नोएडा की नई टाउनशिप में फ्लैट खरीदने का मिलेगा मौका; रजिस्ट्रेशन शुरू
ग्रेटर नोएडा की इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप में लोगों को जल्द फ्लैट खरीदने का मौका मिलेगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस टाउनशिप में पहली बार ग्रुप हाउसिंग के चार भूखंडों की योजना शुरू की गई है। इसमें रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख 23 फरवरी है।
ग्रेटर नोएडा की इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप में लोगों को जल्द फ्लैट खरीदने का मौका मिलेगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस टाउनशिप में पहली बार ग्रुप हाउसिंग के चार भूखंडों की योजना शुरू की गई है। इसमें रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख 23 फरवरी है। भूखंडों का आवंटन ई-नीलामी के माध्यम से किया जाएगा।
दिल्ली मुंबई इंस्ट्रियल कॉरिडोर (डीएमआईसी) के अंतर्गत यह टाउनशिप ग्रेटर नोएडा लिमिटेड (आईआईटीजीएनएल) की ओर से 750 एकड़ में विकसित किया जा रहा है। यहां उद्योग, व्यावसायिक और आवास की सुविधा एक ही परिसर में मिलेगी। उद्योगों के लिए 39, ग्रुप हाउसिंग के लिए चार और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए आठ भूखंड आरक्षित किए गए हैं।

2 फरवरी से पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू
टाउनशिप में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। ऐसे में कर्मचारियों के लिए आवास की जरूरत महसूस की जा रही है। इसे देखते हुए ग्रुप हाउसिंग के लिए चार भूखंडों की योजना शुरू की गई है। इसमें पंजीकरण की प्रक्रिया 2 फरवरी से शुरू कर दी गई है। यहां बहुमंजिला सोसाइटी का निर्माण किया जाएगा। इसमें 10 हजार से अधिक लोगों को फ्लैट खरीदने का मौका मिलेगा।
सभी जरूरी सुविधाओं का काम पूरा
प्राधिकरण के अधिकारी के मुताबिक यहां बिजली, पानी, सड़क सहित सभी जरूरी सुविधाओं का काम पहले ही पूरा कर लिया गया है। औद्योगिक श्रेणी के अब तक 26 से अधिक भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। बाकी बचे भूखंडों को आवंटित करने की प्रक्रिया चल रही है।
रवि कुमार एनजी, सीईओ ग्रेटर नोएडा/ एमडी आईआईटीजीएनल, ''आधुनिक सुविधाओं से युक्त इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप में ग्रुप हाउसिंग के लिए चार भूखंडों की योजना शुरू की गई है। इन भूखंडों के आवंटन से लोगों को फ्लैट खरीदने का मौका मिलेगा। वहीं, औद्योगिक इकाइयों में काम करने वालों के लिए परिसर में ही आवास की सुविधा मिलेगी।''





