दीपके एंड टीम को पार्क से भगाया, लोग बोले- यह जंतर-मंतर नहीं; यहां नौटंकी नहीं चलेगी
कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके और उनके टीम के मेंबरों को लोगों ने दिल्ली के एक पार्क से भगा दिया। वे यहां अपने कुछ समर्थकों के साथ जंतर-मंतर सीजन 2 की योजना बनाने के लिए इकट्ठा हुए थे। इससे पहले दीपके ने कहा कि वह किसी इनडोर हॉल की तलाश में थे, लेकिन नहीं मिली।

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फाउंडर अभिजीत दीपके को दिल्ली के एक रेजिडेंट सोसाइटी के पार्क से उलटे पांव भागना पड़ा। दीपके अपनी टीम के मेंबर सौरभ दास, आशुतोष रंका और कुछ समर्थकों के साथ जंतर-मंतर सीजन 2 का प्लान बनाने आए थे। सोसाइटी के लोगों को जब इसकी भनक लगी तो वे वहां पहुंच गए और पार्क से सभी को भगा दिया। लोगों का कहना था कि यह सोसाइटी का पार्क है कोई धरना या प्रदर्शन की जगह नहीं। यहां यह नौटंकी नहीं चलेगी।
इससे पहले अभिजीत दीपके ने कहा कि आज हमें दिल्ली में अपने वॉलंटियर्स के साथ एक मीटिंग करनी थी। इसके लिए हमें एक इनडोर जगह की जरूरत थी। हमने कई जगहों पर बात की, लेकिन कोई भी हमें हॉल देने को तैयार नहीं था। सबने कहा कि ऊपर से दबाव है और वे कॉकरोच जनता पार्टी के लोगों को हॉल नहीं दे सकते। आखिरकार, बहुत मुश्किल से हमें एक हॉल मिला। दीपके ने उसकी रसीद भी दिखाई। लेकिन दूसरे दिन सुबह जिन लोगों ने हमें हॉल दिया था, उन्होंने भी इनकार कर दिया। उन्हें धमकी दी गई और कहा गया कि अगर उन्होंने वहां कॉकरोच जनता पार्टी की मीटिंग होने दी तो उन्हें उल्टा लटका दिया जाएगा।
हमें मीटिंग करने से रोका जा रहा
दीपके ने आरोप लगाया कि इस तरह से लोगों को डराया-धमकाया जा रहा है। हमें भी मीटिंग करने से रोका जा रहा है। दीपके ने कहा कि ये सब बीजेपी के कहने पर किया जा रहा है। बीजेपी के लोग सभी को डरा और धमका रहे हैं कि अगर कॉकरोच जनता पार्टी वालों को मीटिंग के लिए कोई जगह दे देगा तो उसे उलटा लटाकाया जाएगा। इन बातों से बीजेपी का डर साफ नजर आ रहा है। दीपके ने कहा कि हॉल में इनडोर मीटिंग के लिए कोई पुलिस परमिशन नहीं लेना होता है।
यहां कोई नौटंकी नहीं चलेगी
जब किसी हॉल का इंतजाम नहीं हो सका तो अभिजीत दीपके अपनी टीम के मेंबर और कुछ समर्थकों के साथ रेजिडेंट सोसाइटी के पार्क में पहुंचे। वहां जंतर-मंतर सीजन 2 पर प्लानिंग के लिए समर्थकों के साथ मीटिंग करने लगे। उन्होंने समर्थकों से पूछा कि अब किसका इस्तीफा चाहिए। समर्थकों ने कहा मोदी का। इसी बीच सोसाइटी के लोगों को सीजेपी के समर्थकों के वहां पहुंचने की खबर लगी। बड़ी संख्या में लोग पार्क में पहुंचे और उन्हें मीटिंग करने से मना किया। लोगों ने कहा कि यहां कोई नौटंकी नहीं चलेगी। यह कोई धरना या प्रदर्शन की जगह नहीं है। आप लोग यहां से तुरंत चले जाइए। इस दौरान सीजेपी समर्थकों और रेजिंडेंट्स के लोगों के बीच बहस भी हुई। कुछ पुलिस वालों के हस्तक्षेप के बाद हंगामा बंद हुआ और अभिजीत दीपके को अपने समर्थकों के साथ वहां से जाना पड़ा।
शिक्षा के मुद्दे को प्राथमिकता देंगे
अभिजीत दीपके ने कहा था कि जंतर-मंतर का सीजन 2 बहुत जल्द शुरू होने वाला है। उनके इस घोषणा पर पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि यह खुद ही सीजन टू है। ऐसी नाकाबिल सरकारों और अधिकारियों के खिलाफ पूरे देश में विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। सीजेपी की तरफ से हम अब एक देशव्यापी 'लिसनिंग टूर' (लोगों की बात सुनने का दौरा) शुरू कर रहे हैं ताकि जनता की बात सुन सकें। हम एक अभियान चलाएंगे और आजादी के दिन से शिक्षा के मुद्दे को प्राथमिकता देंगे। हम माता-पिता और नागरिकों से अपील कर रहे हैं कि वे अपने सरकारी स्कूलों में जाएं, सोशल ऑडिट करें, वहां के हालात रिकॉर्ड करें, सच्चाई सामने लाएं और उन्हें ठीक करने में मदद करें। आज के युवा जिम्मेदारी उठा रहे हैं। जल्द ही सचमुच एक 'विकसित भारत' सामने आने वाला है।


