चलती ट्रेन में ऊपर की बर्थ से गिर गया यात्री, दिल्ली HC ने दिया मुआवजे का आदेश
पीठ ने कहा है कि कोर्ट के आदेश के दो महीने के भीतर मुआवजा तय कर पीड़ित परिवार को दिया जाए। साथ ही पीठ ने मामले को 30 सितंबर को रेलवे अधिकरण के समक्ष सुनवाई के लिए भेज दिया है।

हेमलता कौशिक
दिल्ली हाई कोर्ट ने माना है कि चलती ट्रेन में ऊपर की बर्थ से किसी यात्री का गलती से गिरना रेलवे अधिनियम, 1989 के तहत एक अप्रिय घटना है। हाई कोर्ट ने कहा कि इसे सिर्फ इसलिए खारिज नहीं किया जा सकता क्योंकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण दिल संबंधी बीमारी को बताया गया है।
जस्टिस मनोज कुमार ओहरी की पीठ ने यह बात श्याम सिंह और एक अन्य की उस अपील को मंजूरी देते हुए कही, जिसमें संजीव कुमार की मौत के बाद उनके मुआवजे के दावे को खारिज करने वाले रेलवे दावा अधिकरण के आदेश के खिलाफ अपील की गई थी। पीठ ने अधिकरण के फैसले को रद्द कर दिया है। पीठ ने अपील करने वालों को कानून के हिसाब से मुआवजे का आकलन करने के लिए मामला रेलवे अधिकरण के पास वापस भेज दिया है। पीठ ने कहा कि अदालत के आदेश के दो महीने के भीतर मुआवजा तय कर पीड़ित परिवार को दिया जाए। साथ ही पीठ ने मामले को 30 सितंबर को रेलवे अधिकरण के समक्ष सुनवाई के लिए भेज दिया है।
क्या है मामला?
यह मामला 10 नवंबर, 2015 की एक घटना से जुड़ा है, जब संजीव कुमार अपने पिता श्याम सिंह के साथ ट्रेन में इटावा से आगरा कैंट जा रहे थे। वह एक वैध सेकंड-क्लास टिकट पर यात्रा कर रहे थे। रिकॉर्ड के अनुसार जब ट्रेन आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के पास पहुंच रही थी, तो संजीव जो ऊपर की बर्थ पर थे। ट्रेन के चलते समय अचानक झटका लगने से बर्थ से गिर गए। वह बेहोश हो गए। रेलवे के एक डॉक्टर ने उन्हें देखा। डॉक्टर ने संजीवन कुमार को मृत घोषित किया। बाद में शव को आगरा के जिला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम भेजा गया।
रेलवे दावा अधिकरण ने मुआवजे का दावा यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि हालांकि संजीव एक असली यात्री थे, उनकी मौत किसी अवांछित घटना का नतीजा नहीं थी, बल्कि मायोकार्डियल इन्फार्क्शन से हुई एक प्राकृतिक मौत थी। हाई कोर्ट ने कहा कि मरने वाले के असली यात्री होने पर कोई विवाद नहीं है। पीठ ने पाया कि वह एक वैध टिकट पर सफर कर रहा था। पीठ के सामने मुख्य मुद्दा यह था कि क्या चलती ट्रेन के अंदर गिरना अनचाही घटना थी। पीठ ने दिल्ली उच्च न्यायालय के एक पुराने फैसले का ज़िक्र किया जिसमें कहा गया था कि अनचाही घटना में यात्री का ट्रेन के अंदर गिरना शामिल हो सकता है। कानून के हिसाब से यात्री का ट्रेन के बाहर गिरना जरूरी नहीं है।

