सौरभ भारद्वाज और जरनैल सिंह की मुश्किलें बढ़ीं; FIR दर्ज, क्या आरोप?
दिल्ली पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल से मारपीट के आरोप में आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज, जरनैल सिंह और कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज की गई है। यह घटना अरविंद केजरीवाल के दौरे के समय हुई।

आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज, विधायक जरनैल सिंह समेत कुछ अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल से मारपीट करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। यह घटना सोमवार को तिलक नगर में तब हुई जब आप नेता अरविंद केजरीवाल के साथ दौरे पर थे। सादे कपड़ों में वीडियो बना रहे हेड कांस्टेबल को भीड़ ने घेरकर पीटा, जिसके बाद उनकी मेडिकल जांच हुई और पुलिस ने भी ऐक्शन लिया।
सौरभ भारद्वाज और जरनैल सिंह समेत अन्य पर केस
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि दिल्ली पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल के साथ कथित तौर पर मारपीट करने और उन्हें ड्यूटी करने से रोकने के आरोप में सौरभ भारद्वाज और जरनैल सिंह के साथ पार्टी के कुछ अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सूत्रों ने बताया कि घटना कथित तौर पर सोमवार को तब हुई जब अरविंद केजरीवाल तिलक नगर इलाके के दौरे पर थे। केजरीवाल के साथ आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज, विधायक जरनैल सिंह समेत कई अन्य नेता मौजूद थे।
घेर लिया और मारपीट
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सादे कपड़ों में मौजूद हेड कॉन्स्टेबल इलाके में वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे इसी दौरान AAP समर्थकों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद हेड कॉन्स्टेबल का मेडिकल कराया गया। दिल्ली पुलिस की ओर से इस मामले में कार्रवाई की गई। आरोपियों के खिलाफ सरकारी कर्मचारी के काम में बाधा डालने और सरकारी कर्मचारी के साथ मारपीट करने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
केजरीवाल के दौरे के दौरान घटना
उल्लेखनीय है कि दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान 22 साल के एक युवक को थप्पड़ मारने के मामले में पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा पर प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आम आदमी पार्टी ने सोमवार को विकासपुरी थाने के बाहर धरना दिया। सोमवार को ही अरविंद केजरीवाल के साथ सौरभ भारद्वाज, जरनैल सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता तिलक नगर इलाके में दौरे पर आए थे। इसी दौरान उक्त घटना हुई थी।
केजरीवाल का वर्मा ने दिया तगड़ा जवाब
थप्पड़ चलने की घटना के बाद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा था कि देश की जेन-जी सरकार से ईमानदारी की उम्मीद करती है। यदि सड़क निर्माण कार्य में कोई भ्रष्टाचार है तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ऐक्शन होना चाहिए। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रवेश वर्मा ने कहा कि यदि आप या आपके गुंडे, आपके विधायक दिल्ली सरकार के काम में बाधा डालने या हमारे अधिकारियों को धमकाने की कोशिश करेंगे तो मैं इसे बर्दाश्त नहीं करूंगा।


