पर्थला गोलचक्कर होगा छोटा, दोनों ओर बनेंगे यूटर्न; जाम घटाने को नोएडा प्राधिकरण का क्या प्लान
नोएडा में मास्टर प्लान रोड नंबर-3 स्थित पर्थला गोलचक्कर पर जाम कम करने को जरूरी उपाय किए जाएंगे। इनमें गोलचक्कर को छोटा करने और दो तरफ यूटर्न बनाने समेत अन्य काम शामिल हैं।

नोएडा में मास्टर प्लान रोड नंबर-3 स्थित पर्थला गोलचक्कर पर जाम कम करने को जरूरी उपाय किए जाएंगे। इनमें गोलचक्कर को छोटा करने और दो तरफ यूटर्न बनाने समेत अन्य काम शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि पर्थला गोलचक्कर पर सेक्टर-71 से सीधे किसान चौक की ओर आने-जाने के लिए सिग्नेचर ब्रिज बना है। अब बाकी और स्थानों पर जाने के लिए जाम खत्म करने की तैयारी है।
सेक्टर-71 की तरफ से जाकर सेक्टर-122 की की ओर जाने के लिए वाहन चालक पर्थला गोलचक्कर से ही विपरीत दिशा में आकर मुड़ते हैं। इससे हादसे का खतरा रहता है और जाम भी लगता है। इसको देखते हुए गोलचक्कर से मिलाते हुए एक यूटर्न बनाया जाएगा। इससे वाहन सेक्टर-122 की तरफ मुड़ सकेंगे।
सेक्टर-71 की ओर से एफएनजी पर सोरखा की ओर जाने वालों के लिए अभी गोलचक्कर पर बैरिकेडिंग लगाकर अस्थायी रूप से रास्ता बंद कर रखा है। इन वाहनों को एफएनजी पर छिजारसी की ओर भेजा जाता है। यहां से कुछ दूरी ही बने यूटर्न से घूमकर किसान चौक की ओर निकाला जाता है। गोलचक्कर पर संबंधित कट को स्थायी रूप से बंद कर यूटर्न को ठीक ढंग से बनाया जाएगा। किसान चौक की तरफ से आकर एफएनजी पर छिजारसी की ओर जाने के लिए सोरखा की ओर जाना होगा। सोरखा की तरफ कुछ दूरी पर नया यूटर्न बनाया जाएगा। गोलचक्कर पर वाहन चालकों के लिए कट बंद किया जाएगा। एफएनजी पर छिजारसी की तरफ से आकर सीधे सोरखा जा सकेंगे। किसान चौक की तरफ से आकर पर्थला गोलचक्कर से पहले बने यूटर्न के पास सड़क की चौड़ाई बढ़ेगी।
मार्च अंत तक काम शुरू होने की उम्मीद
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि कट बंद कर यूटर्न बनाने के अलावा जाम कम करने को कुछ और जरूरी उपाय किए जाएंगे। संबंधित काम कराने के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। इस टेंडर में 19 फरवरी तक आवेदन किया जा सकता है। अगर इस टेंडर में पर्याप्त संख्या में एजेंसियां आवेदन करती हैं और मानकों को पूरा करती हैं तो इसके बाद फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी। अगर इसी टेंडर में एजेंसी का चयन हो जाता है तो मार्च के अंत तक काम शुरू करा दिया जाएगा।



