ग्रेटर नोएडा के आवासीय सेक्टरों में विकसित होंगे पार्क, डायनासोर वाली थीम और कई सुविधाएं होंगी
ग्रेटर नोएडा के आवासीय सेक्टरों स्वर्णनगरी, सिग्मा-4, पाई और पी-3 में थीम पार्क विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। इसकी जिम्मेदारी प्राधिकरण के उद्यान विभाग से हटाकर अब परियोजना विभाग को सौंपी गई है। डायनासोर थीम वाले पार्क में एक रोमांचक अनुभव प्रदान करने के लिए कई प्रकार की सुविधाएं होंगी।

ग्रेटर नोएडा के आवासीय सेक्टरों स्वर्णनगरी, सिग्मा-4, पाई और पी-3 में थीम पार्क विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। इसकी जिम्मेदारी प्राधिकरण के उद्यान विभाग से हटाकर अब परियोजना विभाग को सौंपी गई है। सीईओ से मंजूरी लेकर जल्द निविदा जारी की जाएगी।
रोमांचक और शैक्षिक अनुभव मिलेगा
अधिकारी के मुताबिक सेक्टर पाई के जी ब्लॉक स्थित पार्क के लिए कॉसमॉस, सेक्टर पी-3 के डी ब्लॉक पार्क के लिए डायनासोर और स्वर्णनगरी पार्क के लिए ऑपरेशन सिंदूर थीम तय की गई है। योजना के मुताबिक कॉसमॉस पार्क में आने वाले लोगों को मनोरंजन के साथ-साथ ब्रह्मांड और अंतरिक्ष अन्वेषण के बारे में शैक्षिक जानकारी भी मिलेगी।
इसका उद्देश्य लोगों को अंतरिक्ष विज्ञान, सौर मंडल, ग्रहों, उपग्रहों और खगोलीय पिंडों के बारे में शिक्षित करना है। डायनासोर थीम वाले पार्क में एक रोमांचक और शैक्षिक अनुभव प्रदान करने के लिए कई प्रकार की सुविधाएं होंगी। इसमें डायनासोर का मॉडल प्रमुख होगा।
सामान खरीदने की प्रक्रिया शुरू
पार्क में डायनासोर के संवादात्मक प्रदर्शन, जीवाश्मों की प्रतिकृतियां व सूचनात्मक संकेत, डायनासोर के युग, विभिन्न प्रजातियों और उनके विलुप्त होने के बारे में जानकारी मिलेगी। साथ ही बच्चों के लिए तरह तरह के झूले लगाए जाएंगे। थीम पार्कों में लगने वाले सामान की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम ने बताया कि सीईओ से सैद्धांतिक और प्रशासनिक मंजूरी लेकर चार सेक्टरों में थीम पार्क विकसित करने के लिए निविदा जारी की जाएगी। जल्द काम शुरू कराने का प्रयास रहेगा।
विशेषज्ञ सलाहकार की मदद ली जाएगी
थीम पार्कों को विकसित करने में विशेषज्ञ सलाहकार की मदद ली जाएगी। इसके लिए छह एजेंसियों को सूचीबद्ध कर लिया गया है। इनकी मदद से डिजाइन तैयार करने के साथ भूदृश्य कला तैयार कराई जाएगी। थीम पर आधारित पार्कों को अच्छी तरह से विकसित किया जा सके, इसके लिए विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी। शहर में आयुर्वेद पार्क, भारत अद्भुत पार्क, साइंस पार्क और चिल्ड्रेन पार्क भी विकसित किए जाएंगे।
पहले से बने थीम पार्कों का सौंदर्यीकरण होगा
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने कहा कि ग्रेटर नोएडा के अल्फा, बीटा, गामा, डेल्टा आदि पुराने सेक्टरों में पहले ही 20 थीम पार्क विकसित किए जा चुके हैं। वर्षों पहले विकसित किए गए इन थीम पार्कों का सौंदर्यीकरण कराने की जरूरत है। इसकी तैयारी चल रही है, लेकिन तेजी नहीं आ रही। पार्कों का सौंदर्यीकरण किए जाने की मांग सेक्टर के लोग आए दिन करते रहते हैं। ग्रेटर नोएडा के सबसे प्रमुख सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क को नए सिरे से संवारा जाएगा। फव्वारे और फुटपाथ को दुरुस्त किया जाएगा।
शहर के आवासीय सेक्टरों में थीम आधारित कुछ और नए पार्क विकसित किए जाएंगे। इसके लिए चार सेक्टरों में पहले से बने पार्क चिह्नित कर लिए गए हैं। परियोजना विभाग को जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraसुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।


