
पलवल में अवैध शराब पकड़ने गई पुलिस टीम पर चाकू और डंडों से हमला, फाड़ दी वर्दी
पलवल के सौंध गांव में अवैध शराब पकड़ने गई पुलिस टीम पर दुकानदार और उसके परिजनों ने चाकू व डंडों से हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में एक सिपाही की वर्दी फट गई, जिसके बाद पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पलवल के मुंडकटी थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम को अवैध शराब पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला किया गया। दुकानदार और उसके परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर चाकू और डंडों से हमला कर एक सिपाही की वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं सहित पांच नामजद और 10 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
परचून की दुकान पर बेच रहा था शराब
मुंडकटी थाना प्रभारी तेजपाल ने बताया कि थाने के पीएसआई रोहित गश्त पर थे। उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि सौंध गांव में राजू अपनी परचून की दुकान पर अवैध रूप से शराब बेचता है। सूचना मिलते ही पुलिस ने एक टीम का गठन किया और तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस पर कर दिया हमला
पुलिस टीम के दुकान पर पहुंचते ही दुकानदार राजू ने पुलिसकर्मियों को गालियां देना शुरू कर दिया। उसने शोर मचाकर अपने परिवार के सदस्यों को भी बुला लिया। मौके पर राजू का भाई भगत, भगत की पत्नी कविता, राजू की पत्नी सविता और हेमन नामक महिला के साथ 10 अन्य व्यक्ति लाठी-डंडे लेकर आ गए। इन सभी ने मिलकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इसी दौरान राजू ने अपनी जेब से बटनदार चाकू निकालकर सिपाही अमन पर हमला कर दिया। सिपाही अमन ने किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन झगड़े के दौरान आरोपियों ने उसकी वर्दी फाड़ दी।
हमले के बाद पुलिस टीम मौके से वापस लौट गई। टीम इंचार्ज पीएसआई रोहित की लिखित शिकायत पर मुंडकटी थाना पुलिस ने सौंध गांव निवासी राजू, भगत, कविता, सविता, हेमन और 10 अन्य के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, लाठी-डंडों व चाकू से जानलेवा हमला करने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





