पलवल शहर के लिए गुड न्यूज, 32 हजार एलईडी स्ट्रीट लाइटों से जगमग होगा गली-मोहल्ले
फरीदाबाद से सटा हरियाणा का पलवल शहर में रहने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। नगर परिषद ने पलवल शहर की हर गली, मोहल्ले और कॉलोनियों को रोशनी से जगमग करने के लिए बड़ी योजना बनाई है। इस योजना पर करीब छह करोड़ रुपये खर्च होंगे।

फरीदाबाद से सटा हरियाणा का पलवल शहर में रहने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। नगर परिषद ने पलवल शहर की हर गली, मोहल्ले और कॉलोनियों को रोशनी से जगमग करने के लिए बड़ी योजना बनाई है। इस योजना के तहत शहरभर में 32 हजार एलईडी स्ट्रीट लाइटें और 30 हाई मास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। इस योजना पर करीब छह करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिससे शहर की तस्वीर बदल जाएगी।
नगर परिषद और प्रशासन ने शहर की सड़कों पर बढ़ते अंधेरे और लोगों की परेशानी को देखते हुए यह योजना तैयार की है। लंबे समय से कॉलोनियों में पर्याप्त रोशनी न होने की शिकायत मिल रही थी। अब इस योजना के लागू होने से हर इलाके में उजाला होगा और लोगों को राहत मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार, मार्च के अंत तक अधिकतर लाइटें लगाने का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
योजना पर 6 करोड़ रुपये होंगे खर्च
योजना के तहत कुल छह करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें से करीब एक करोड़ रुपये नगर परिषद की ओर से दिए जाएंगे, जबकि पांच करोड़ रुपये सीएसआर फंड से खर्च किए जाएंगे। 30 हाई मास्ट लाइटें पूरी तरह से सीएसआर फंड से लगाई जाएंगी। इन हाई मास्ट लाइटों को मुख्य चौराहों, बस स्टैंड, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगाया जाएगा।
लोगों को मिलेगी सुरक्षा और सुविधा
नई लाइटों के लगने से शहरवासियों को कई फायदे मिलेंगे। सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि रात में आवाजाही आसान हो जाएगी। स्कूल, कॉलेज, दफ्तर और बाजार जाने वाले लोगों को अंधेरे में परेशानी नहीं होगी। इसके साथ ही रोशनी बढ़ने से चोरी, छेड़छाड़ और अन्य आपराधिक घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।
नगर परिषद की तैयारी और समय सीमा
नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि लाइट लगाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इसके लिए सर्वे का काम लगभग पूरा हो चुका है और प्राथमिकता के आधार पर क्षेत्रों का चयन किया गया है। पहले मुख्य मार्गों और ज्यादा आबादी वाले इलाकों में लाइटें लगाई जाएंगी। नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि मार्च के अंत तक अधिकतर काम पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
कुशलीपुर में सरदार पटेल भवन बनेगा
पलवल। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि कुशलीपुर में सरदार वल्लभभाई पटेल भवन का निर्माण होगा। इस पर करीब 1.18 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह भवन सामाजिक कार्यक्रमों के लिए उपयोगी होगा। इसमें आधुनिक सुविधाएं होंगी। अधिकारियों को गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की।


