पालम अग्निकांड : 9 लोगों की मौत के लिए MCD-दमकल की लापरवाही जिम्मेदार, मजिस्ट्रेट जांच रिपोर्ट

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

दिल्ली के पालम में 18 मार्च को लगी आग की घटना की मैजिस्ट्रियल जांच रिपोर्ट होम डिपार्टमेंट को सौंप दी गई है। रिपोर्ट में एमसीडी और दिल्ली फायर सर्विस की खामियां की पहचान की गई है। इस घटना में 7 महिलाओं समेत 9 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 3 अन्य घायल हो गए थे।

Palam fire magisterial inquiry report
दिल्ली के पालम में 5 मंजिला इमारत में लगी आग का दृश्य।

दिल्ली के पालम में बीते 18 मार्च को आग लगने से हुई 9 लोगों की मौत के हादसे को लेकर मजिस्ट्रेट जांच की रिपोर्ट आ गई है। इस रिपोर्ट में बताया गया है कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और दमकल विभाग की लापरवाही के चलते इस तरह का हादसा हुआ। इसके अलावा मजिस्ट्रेट जांच ने इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर की काबिलियत पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। जांच में पाया गया कि कानूनी जांच की अगुवाई करने वाले असिस्टेंट इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर के पास टेक्निकल ट्रेनिंग की कमी थी। उन्होंने पहले जिन आधा दर्जन आग लगने की घटनाओं की जांच की, उनमें से किसी का भी कारण पता नहीं लगाया था।

डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (दक्षिण-पश्चिम जिला) ने दिल्ली सरकार के गृह विभाग को 85 पेज की रिपोर्ट सौंपी है, जिसमें पालम आग हादसे को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई है। इस रिपोर्ट में एमसीडी की नियामक कमियों, अवैध ओवरहेड केबलों और दिल्ली फायर सर्विस की खामियों को उजागर किया गया है।

दमकल विभाग के पास रेस्क्यू के लिए नहीं था दूसरा तरीका

रिपोर्ट में बताया गया है कि आग संभवतः ग्राउंड फ्लोर पर लगे एमसीबी बॉक्स के पास शॉर्ट सर्किट से लगी। इस आग ने अंदर रखे ज्वलनशील सामान की वजह से तेजी से पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। रिपोर्ट में कहा गया है कि बिल्डिंग में कॉस्मेटिक का सामान रखा था, जिससे आग और तेजी से फैली। डीएम ने जांच के दौरान पाया कि ऊंची इमारतों में बचाव कार्य के लिए आमतौर पर इस्तेमाल होने वाला ट्रक-माउंटेड एरियल प्लेटफॉर्म ब्रोंटो स्काईलिफ्ट मौके पर पहुंच तो गया था, लेकिन शुरुआती इस्तेमाल के दौरान मशीन में खराबी आने से बचाव कार्य में दिक्कतें आईं। गवाहों और दमकल अधिकारियों ने जांच में बताया कि ब्रोंटो स्काईलिफ्ट में खराबी उसके बूम में केबल या तार फंसने की वजह से हो सकती है। इसके चलते उसने काम करना बंद कर दिया। इसमें यह भी कहा गया है कि अधिकारियों के पास कोई असरदार वैकल्पिक योजना या बचाव का दूसरा तरीका नहीं था, जिससे बचाव कार्य में देरी हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, जब तक दूसरी ब्रोंटो स्काईलिफ्ट पहुंची, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

जांच रिपोर्ट के आधार पर सुधार के कदम उठा रहे

दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट में मिली खामियों के आधार पर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। हाल ही में दमकल विभाग को मजबूत बनाने के लिए 500 से ज्यादा कर्मचारियों की भर्ती की गई है। नए उपकरण खरीदे जा रहे हैं।

मालवीय नगर अग्निकांड की रिपोर्ट भी जल्द आएगी

दिल्ली सरकार के अनुसार मालवीय नगर में बीते जून माह में लगी आग को लेकर दक्षिण जिला डीएम लक्ष्य सिंघल की ओर से जांच की जा रही है। कई लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। सूत्रों का कहना है कि इस हादसे को लेकर भी मजिस्ट्रेट जांच जल्द पूरी होने वाली है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsपालम अग्निकांड में 9 लोगों की मौत के लिए MCD-दमकल की लापरवाही जिम्मेदार: रिपोर्ट