फरीदाबाद के OYO होटल में दोस्त से मिलने आए युवक का मर्डर; CCTV खंगाल रही पुलिस
Faridabad Crime News : फरीदाबाद के एक ओयो होटल में गुरुवार रात 25 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या का मामला सामने आया है। मृतक सचिन एक प्राइवेट अस्पताल में जॉब करता था, वह अपने दोस्त से मिलने होटल में आया था।

फरीदाबाद शहर के सराय थाना क्षेत्र में सेक्टर-37 के पास स्थित एक ओयो होटल में युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हत्या की वजह जानने के लिए होटल स्टाफ से पूछताछ करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय युवक अपने एक परिचित से मिलने के लिए होटल पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक पर चाकू से कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी।
प्राइवेट अस्पताल में जॉब करता था सचिन
मृतक की पहचान सचिन के रूप में हुई है, जो पल्ला क्षेत्र के एक प्राइवेट अस्पताल में जॉब करता था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत होटल पहुंची और कमरे को सील कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवा दिया।
सीसीटीवी फुटेज देख रही पुलिस
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे आपसी रंजिश या पुराना विवाद कारण हो सकता है। हालांकि, पुलिस अभी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। सराय थाना पुलिस होटल के कर्मचारियों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
थाना प्रभारी राकेश कुमार के अनुसार, मृतक के पिता मोहन सिंह मेहरा, निवासी सूर्य विहार के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सनी, निवासी संतोष नगर को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोग होटल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं।


