
गाजियाबाद के इन इलाकों में आवासीय और व्यावसायिक प्लॉट खरीदने का मौका, GDA कब करेगा नीलामी
दिल्ली-नोएडा से सटे इलाकों में संपत्ति खरीदने का मौका है। जीडीए 17 दिसंबर को गाजियाबाद के इंदिरापुरम, इंद्रप्रस्थ, कौशांबी, कोयल एंक्लेव समेत अन्य योजनाओं में रिक्त पड़े करीब 63 प्लॉटों को बेचेगा। लोग बोली लगाकर इन प्लॉटों को खरीद सकेंगे।
दिल्ली और नोएडा से सटे इलाकों में संपत्ति खरीदने का मौका है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) 17 दिसंबर को इंदिरापुरम, इंद्रप्रस्थ, कौशांबी, कोयल एंक्लेव समेत अन्य योजनाओं में रिक्त पड़े करीब 63 प्लॉटों को बेचेगा। लोग बोली लगाकर इन प्लॉटों को खरीद सकेंगे। इसके लिए आवेदन फार्म भरे जा रहे हैं।
गाजियाबाद में आवासीय, व्यावसायिक प्लॉट खरीदना हर कोई चाहता है। यह प्लॉट दिल्ली और नोएडा से सटे क्षेत्र में हो तो इनकी मांग सबसे अधिक होती है। ऐसे में इस बार जीडीए ने भी 17 दिसंबर को होने वाली नीलामी में इसी क्षेत्र को प्राथमिकता दी है। इस बार कोयल एंक्लेव योजना में 7 ग्रुप हाउसिंग, 2 प्राइमरी स्कूल प्लॉट, 1 हायर सेकेंडरी स्कूल प्लॉट, एक आवासीय योजना का प्लॉट और एक हेल्थ सेंटर प्लॉट को बेचने के लिए शामिल किया गया है। इसके अलावा कौशांबी योजना के ए ब्लॉक में 5 आवासीय प्लॉटों की नीलामी की जाएगी। यहां प्लॉटों की सबसे अधिक मांग रहती है।
ऐसे में उम्मीद है कि इस बार प्राधिकरण को नीलामी में इनके अच्छे दाम मिल सकेंगे। इसी योजना में एक स्कूल का प्लॉट भी मौजूद है। इंद्रप्रस्थ योजना के एच पॉकेट में 16 व्यावसायिक प्लॉट बेचे जाएंगे। इसी तरह वैशाली योजना के सेक्टर छह में एक हेल्थ सेंटर और सेक्टर तीन में एक हाईस्कूल, एक नर्सिंग होम प्लॉट भी शामिल किए हैं।
हिंदी भवन में लगेगी बोली : अधिकारी ने बताया कि नए साल से पहले 17 दिसंबर को नीलामी का आयोजन किया जाएगा। हिंदी भवन में होने वाली नीलामी सुबह 11 बजे शुरू की जाएगी, जिसमें फॉर्म भरने वाले सभी लोग भाग कर सकते हैं। इसमें बोलीदार संपत्ति के रिजर्व प्राइज से ऊंची दर पर बोली लगाकर उसे खरीद सकेंगे। हालांकि, किसी भी संपत्ति पर सिंगल बोली नहीं लग सकेगी।
आरडीसी के दस क्योस्क भी लीज पर देने की तैयारी
प्रताप विहार सेक्टर-11 में भी आवासीय और व्यावसायिक प्लॉट हैं। इसके अलावा कर्पूरीपूरम योजना में एक होटल प्लॉट बेचने के लिए नीलामी में शामिल किया है। यूपी बॉर्डर पॉकेट ए में छह दुकानों के प्लॉट हैं। वहीं, आंबेडकर रोड डिस्ट्रिक्ट सेंटर में 11 व्यावसायिक प्लॉटों को सूची में शामिल किया गया है, ताकि इन सभी को बेचा जा सके। वहीं, आरडीसी के 10 क्योस्क भी लीज पर देने के लिए नीलामी में शामिल किए गए। इन क्योस्क को 10 साल के लिए लीज पर देने की तैयारी है।
प्रदीप कुमार सिंह, अपर सचिव, जीडीए, ''जीडीए की संपत्ति खरीदने का अच्छा मौका है। ये संपत्ति विभिन्न योजना में हैं। इच्छुक लोग नीलामी प्रक्रिया में शामिल होकर प्लॉट खरीद सकते हैं।''





