काम की बात: नोएडा में अस्पताल-स्कूल खोलने का मौका, इन सेक्टरों में मिलेंगे प्लॉट; जानें साइज-कीमत से लेकर सबकुछ

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, नोएडा
share

नोएडा में स्कूल-अस्पताल और नर्सिंग होम शुरू करने की योजना बना रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। नोएडा विकास प्राधिकरण ने कमर्शियल प्लॉटों की योजना शुरू की है। इच्छुक व्यक्तियों को योजना का लाभ लेने के लिए 19 मई से आवेदन करना होगा।

नोएडा में अस्पताल-स्कूल खोलने का मौका, इन सेक्टरों में मिलेंगे प्लॉट; जानें साइज-कीमत से लेकर सबकुछ

नोएडा विकास प्राधिकरण ने औद्योगिक विकास के लिए कमर्शियल प्लॉटों की योजना शुरू की है। इच्छुक व्यक्ति अस्पताल, स्कूल और नर्सिंग होम शुरू करने के लिए योजना का लाभ ले सकता है। इसके लिए 19 मई से आवेदन करना होगा।

9 जून शाम पांच बजे तक ईएमडी (अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट/बयाना राशि) जमा करने का अंतिम समय होगा। इसके बाद आवेदन की शेष औपचारिकताएं 11 जून तक पूरे किए जाएंगे। आवेदनों की जांच पूरी होने के बाद आवेदक बोली लगाकर विभिन्न श्रेणी के प्लॉट प्राप्त कर सकेंगे। रिजर्व प्राइज से ज्यादा बोली लगाने वाले को प्लॉट आवंटित किया जाएगा।

प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार कि औद्योगिक प्लॉट में उत्पादन और विनिर्माण इकाई लगाई जा सकती है। औद्योगिक इकाइयों के कुल 19 प्लॉटों की योजना निकाली गई। 115 वर्गमीटर से लेकर 7997 वर्गमीटर तक के यह प्लॉट सेक्टर-3, 6, 7, 9,10, हौजरी कॉम्प्लेक्स, 164, 80, फेज-2 ,162 और 67 में हैं। इनका रिजर्व प्राइज 65 लाख से लेकर 18 करोड़ तक है।

होटलों का आवंटन ई-नीलामी से होगा

नोएडा प्राधिकरण ने वाणिज्यिक बिल्डर प्लॉट की योजना शुरू की है। इसमें होटल को शामिल किया गया है। इस श्रेणी में 20 हजार वर्गमीटर से अधिक के तीन प्लॉट हैं। ये सेक्टर-18, 96 और 93बी हैं। प्लॉट 29 हजार से लेकर 37 हजार वर्गमीटर तक के हैं। इसी तरह 20 हजार वर्गमीटर से कम में दो प्लॉट सेक्टर-94 और 18 में हैं।

योजना में स्कूलों के लिए दो प्लॉट शामिल

प्लॉट योजना में कॉरपोरेट, स्कूल, अस्पताल और नर्सिंग होम को भी शामिल किया गया है। स्कूल के लिए दो प्लॉट हैं। सेक्टर-19 में 18 हजार वर्गमीटर का प्लॉट है। इसका रिजर्व प्राइज 143 करोड़ तय किया गया है। इसके अलावा सेक्टर-42 में पांच हजार वर्गमीटर का एक प्लॉट है। इसका रिजर्व प्राइज 21 करोड़ के आसपास है। दोनों प्लॉट का आवंटन साक्षात्कार के जरिये होगा। वहीं, अस्पताल के लिए सेक्टर-117 और सेक्टर-145 में प्लॉट है। ये प्लॉट 10 हजार वर्गमीटर का है।

वेंडिंग जोन में दुकान के लिए आवेदन की डेट बढ़ी

वहीं, ग्रेटर नोएडा के अल्फा, बीटा, गामा और डेल्टा सहित 12 आवासीय सेक्टरों में बने वेंडिंग जोन में दुकानें (जगह) आवंटित करने के लिए शुरू की गई योजना में आवेदन करने की तारीख प्राधिकरण ने बढ़ा दी है। इच्छुक लोग एक जून तक आवेदन कर सकेंगे। इससे सेक्टरों में अवैध ठेली पटरी की समस्या दूर हो जाएगी।

अधिकारी के मुताबिक पहले योजना में आवेदन करने की तारीख 4 मई थी। ज्यादा से ज्यादा लोग योजना का लाभ उठा सकें, इसके लिए आवेदन करने का एक और मौका दिया गया है। वेंडिंग जोन में 673 दुकानें यानी शेड बनाए गए हैं। आवेदन करने वाले लोगों का सत्यापन करने के बाद ड्रा के माध्यम से जगह दी जाएगी। पात्र लोगों को अगले दो से तीन माह में जगह आवंटित कर दी जाएगी।

यहां बने वेंडिंग जोन

अल्फा-2, बीटा-1,2, ओमिक्रोन-1ए, ज्यू-2, गामा-2, डेल्टा-1, 3, पाई-1,2, ओमिक्रोन-3, ज्यू-3 आदि सेक्टरों में वेंडिंग जोन का काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा कुछ अन्य सेक्टरों में योजना बनाई जा रही है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।